Kangra: पुलिस ने श्मशानघाट के पास दी दबिश, कार से बरामद हुई नशे की बड़ी खेप, 2 तस्कर गिरफ्तार
punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 12:11 PM (IST)
पंचरुखी (तिलक): जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पंचरुखी थाना अंतर्गत पुलिस ने बनूरी-पंचरुखी लिंक रोड पर एक आल्टो कार से 4 किलो 40 ग्राम चरस बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने कुल्लू जिला के दो तस्करों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार जिला कांगड़ा पुलिस की विशेष टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बनूरी-पंचरुखी लिंक रोड पर स्थित श्मशानघाट के समीप दो वाहनों में कुछ व्यक्ति सवार हैं, जो भारी मात्रा में चरस की तस्करी कर उसे बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर संदिग्धों की तलाशी ली तो एक आल्टो कार से 4 किलो 40 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही कार सवार दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गोपाल (24) पुत्र राजेंद्र कुमार निवासी गांव खून्न, तहसील आनी व जिला कुल्लू और सुरेंद्र कुमार (37) पुत्र स्वर्गीय धनी राम निवासी गांव डगूट, डाकघर जौऊ, तहसील आनी व जिला कुल्लू के रूप में की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना पंचरुखी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कानूनी कार्रवाई नियमानुसार अमल में लाई जा रही है। जिला पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

