मणिकर्ण में पुलिस का एक्शन: हरियाणा का युवक 923 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 03:03 PM (IST)

कुल्लू (संजीव जैन)। हिमाचल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मणिकर्ण पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाली जरी चौकी की टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक युवक को भारी मात्रा में चरस के साथ दबोचा है।

पुलिस ने सुमारोपा के पास विशेष नाका लगाया था। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में जा रहे एक व्यक्ति की तलाशी ली गई, जिसके कब्जे से 923 ग्राम चरस (कैनबिस) बरामद हुई। आरोपी की पहचान 30 वर्षीय झार सिंह (पुत्र श्री भगवान) के रूप में हुई है, जो हरियाणा के झज्जर जिले की मतनेहल तहसील का रहने वाला है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि नशे की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News