आपातकाल के समय भाई-बहन छोड़ देते हैं देश : योगी

punjabkesari.in Monday, Nov 07, 2022 - 05:39 PM (IST)

हरोली (दत्ता): यू.पी. के सी.एम. योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा क्षेत्र हरोली में कहा कि हिमाचल देवभूमि है। यहां पर आकर हर कोई शांति का अनुभव करता है। आज भारत ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की मान-प्रतिष्ठा बढ़ी है। जिस देश ने भारत पर वर्षों तक राज किया, आज भारत उसी देश को पछाड़ते हुए विश्व की 5वीं अर्थव्यवस्था बन रहा है। हिमाचल के जवान एवं रणबांकुरों ने देश की सीमाओं की रक्षा करने के लिए अपना सर्वोच्च न्यौछावर करने में कभी कोताही नहीं बरती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश की सीमाएं सुरक्षित हैं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने देश में आतंक की जड़ को पैदा करने के लिए कश्मीर में धारा-370 लगाई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धारा-370 को खत्म करके देश के अन्य राज्यों की तरह जम्मू-कश्मीर को भी भारत का अभिन्न हिस्सा बना दिया। कांग्रेस आपको न सम्मान दे सकती है और न ही सुरक्षा व न ही विकास करवा सकती है। कांग्रेस का हाथ सदैव माफिया के साथ रहा है। जब यू.पी. में भाजपा की सरकार बनी थी तो एक माफिया ने पंजाब में कांग्रेस शासनकाल में शरण ली, जिसे उन्होंने सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़कर वापस यू.पी. पहुंचाया।

उन्होंने कहा कि जो पार्टी देश को मान-सम्मान व आंतरिक सुरक्षा नहीं प्रदान कर सकती, उसका किसी भी हालत में साथ नहीं देना चाहिए। कांग्रेस का साथ देने का मतलब देश के विकास को रोकना है। उन्होंने कहा कि आपातकाल के समय दोनों भाई-बहन देश को छोड़ देते हैं। उन्होंने कहा कि इन माफियाओं को अपना ठिकाना कतई बनाने नहीं देंगे, इसलिए भाजपा हिमाचल के लिए महत्वपूर्ण है। विगत 5 वर्षों के दौरान जयराम के नेतृत्व व प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में हिमाचल प्रदेश ने नई ऊंचाइयां प्राप्त की हैं। केंद्र सरकार के सबसे युवा चेहरे अनुराग ठाकुर भी इसी प्रदेश से हैं। उन्हीं का यह संसदीय क्षेत्र भी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News