हॉर्मुज स्ट्रेट में अमेरिकी हमले में हमीरपुर के युवा नाविक के निधन पर CM सुक्खू और जयराम ठाकुर ने जताया शोक
punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 05:40 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): मध्य पूर्व के हॉर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) में अमेरिका द्वारा तेल टैंकर पर किए हमले में हमीरपुर जिले के युवा नाविक आदित्य शर्मा का निधन हो गया है। आदित्य मूल रूप से हमीरपुर जिले के गलोड़ क्षेत्र के रहने वाले थे। विदेश से इस हृदय विदारक घटना की खबर जैसे ही उनके गृह उपमंडल पहुंची, पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया और शोक की लहर दौड़ गई है।
सीएम सुक्खू ने दिए प्रशासन को निर्देश
युवा नाविक के इस तरह अचानक निधन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा दुख प्रकट किया है। सीएम ने अपने शोक संदेश में कहा कि दुख की इस बेहद कठिन घड़ी में पूरी राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री ने इस संकट की घड़ी में प्रभावित परिवार को फौरी राहत देने के लिए हमीरपुर जिला प्रशासन को कड़े निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन को आदेश दिए गए हैं कि परिवार को तुरंत हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाए।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास ओमान तट के निकट, वाणिज्यिक पोत 'एमटी सेट्टेबेलो' पर हुए हमले में मेरे विधानसभा क्षेत्र नादौन के गलोड़ निवासी आदित्य शर्मा जी के निधन से मन अत्यंत व्यथित है।
— Sukhvinder Singh Sukhu (@SukhuSukhvinder) June 11, 2026
ईश्वर दिवंगत की आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख की घड़ी में संबल… pic.twitter.com/ALXkt0Zr66
जयराम ठाकुर ने उठाई पार्थिव देह जल्द लाने की मांग
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करते हुए उन्होंने कहा कि विदेश में इस तरह की अचानक हुई घटना में हिमाचल के होनहार बेटे का जाना बेहद दुखद है। नेता प्रतिपक्ष ने केंद्र और राज्य सरकार से पुरजोर मांग की है कि पीड़ित परिवार की हर प्रकार से मदद की जाए। इसके साथ ही उन्होंने आग्रह किया है कि राजनयिक स्तर पर प्रयास तेज करते हुए दिवंगत आदित्य शर्मा की पार्थिव देह को जल्द से जल्द, पूरे सम्मान के साथ उनके पैतृक घर वापस लाने की व्यवस्था की जाए।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

