Hamirpur: मोदी के नेतृत्व में साकार होगा विकसित भारत का सपना : अनुराग ठाकुर
punjabkesari.in Sunday, Jul 27, 2025 - 06:18 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने एक बार फिर मोदी को दुनिया का सर्वाधिक लोकप्रिय नेता बनने व दूसरे सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बनने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि मोदी की नीतियों की आधारशिला पर देश विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करेगा, विगत 11 वर्षों में विश्व भारत के एक बड़े बदलाव का साक्षी बना है। जिस गति से भारत आगे बढ़ रहा है, प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता भी उसी गति से दुनिया भर में बढ़ रही है। इस वर्ष बिजनैस इंटैलीजैंस कंपनी मॉर्निंग कंसल्ट की तरफ से जारी ताजा लिस्ट में पीएम 75 फीसदी लोगों की अप्रूवल रेटिंग के साथ प्रथम स्थान पर बने हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी दुनिया भर के नेतृत्व को पीछे छोड़ते हुए दुनिया के सबसे ज्यादा रेटिंग पाने वाले और सबसे भरोसेमंद नेता हैं। उन्होंने कहा कि मॉर्निंग कंसल्ट के ग्लोबल लीडर अप्रूवल ट्रैकर में प्रधानमंत्री मोदी सितम्बर 2021 से लगातार पहले स्थान पर बने हुए हैं, तब उनकी रेटिंग 70 प्रतिशत थी जोकि फरवरी 2024 में बढ़कर 78 प्रतिशत हो गई थी, जो अब तक की सबसे ऊंची रेटिंग रही है। यह सर्वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैश्विक स्तर पर लगातार बढ़ती लोकप्रियता और भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि 25 जुलाई को उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय में 4,078 दिन का कार्यकाल पूरा करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 4,077 दिन के लगातार प्रधानमंत्री रहने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।