Hamirpur: प्रदेश सरकार चबूतरा के प्रत्येक प्रभावित परिवार को देगी 8.70 लाख रुपए
punjabkesari.in Sunday, Sep 07, 2025 - 05:23 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): मुख्यमंत्री चबूतरा में आपदा पीड़ितों के जख्मों पर महरम लगाने के साथ ही उनके पुनर्वास का भी पक्का भरोसा दे गए हैं। वहीं चबूतरा के आपदा पीड़ित मुख्यमंत्री सुक्खू से मिलते समय अपनी आंखों के आंसू नहीं रोक सके और अपनी बेघर होने की दास्तां सुनाते रहे। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित गांवों का दौरा करके नुक्सान का जायजा लिया तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने प्रभावित परिवारों से बातचीत की और उन्हें प्रदेश सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिया। रविवार सुबह जंगलबैरी के हैलीपैड पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री ने सबसे पहले गांव खैरी और इसके आसपास के गांवों में बाढ़ एवं भूस्खलन से हुए नुक्सान का जायजा लिया तथा प्रभावित परिवारों का हाल पूछा।
उसके बाद वह चबूतरा पहुंचे और वहां जमीन धंसने के कारण जमींदोज हुए मकानों तथा इसके आसपास के क्षेत्र का जायजा लिया। उन्होंने बेघर हुए परिवारों से भी बातचीत की और राहत एवं पुनर्वास कार्यों के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि बेघर हुए परिवारों के मकानों के निर्माण के लिए प्रदेश सरकार अपने संसाधनों से 7-7 लाख रुपए देगी। इसके अलावा घर के लिए आवश्यक सामान खरीदने के लिए भी 70-70 हजार रुपए दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक कैप्टन रणजीत सिंह भी अपनी तरफ से 1-1 लाख रुपए देंगे।
बेघर परिवारों को मकान निर्माण के लिए वन भूमि हस्तांतरित करने का मुद्दा केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जाएगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला हमीरपुर के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी नुक्सान का आकलन किया जा रहा है तथा प्रभावित परिवारों की मदद की जा रही है। संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मानसून सीजन में प्रदेश भर में हुए व्यापक नुक्सान का वह स्वयं जाकर जायजा ले रहे हैं और इस मामले को केंद्र सरकार के समक्ष भी उठाया गया है। उन्होंने कहा कि बेघर परिवारों को मकान निर्माण के लिए वन विभाग की सुरक्षित भूमि हस्तांतरित करने का मुद्दा भी केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जाएगा।
चबूतरा के बाद मुख्यमंत्री ने कुठेड़ा में भी जनसमस्याएं सुनीं। इस अवसर पर स्थानीय विधायक कैप्टन रणजीत सिंह, भोरंज के विधायक सुरेश कुमार, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता डा. पुष्पेंद्र वर्मा, सुमन भारती, राजेन्द्र वर्मा व राजेश ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी, डीसी अमरजीत सिंह, एसपी भगत सिंह ठाकुर अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी उपस्थित थे।