नौकरी के नाम पर पैसे ऐंठने वाली बैंक कर्मचारी गिरफ्तार, 3 जिलों के बेरोजगार युवकों को बनाया था शिकार

punjabkesari.in Sunday, Oct 25, 2026 - 06:45 PM (IST)

हमीरपुर (अजय): सदर पुलिस ने सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर बेरोजगारों से मोटी रकम ऐंठने और धोखाधड़ी करने के आरोप में एक बैंक की एक महिला कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार की गई आरोपी महिला जिला हमीरपुर के एक क्षेत्र से ताल्लुक रखती है। कोर्ट से महिला के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार उक्त महिला एक बैंक की शाखा में चपरासी के पद पर कार्यरत है। पुलिस के अनुसार महिला ने सिर्फ हमीरपुर जिला में ही नहीं, बल्कि कांगड़ा जिले के पालमपुर और ​शिमला जिला के रामपुर के विभिन्न क्षेत्रों में भी कई भोले-भाले लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया है। वह बेरोजगार युवाओं और उनके परिजनों को नौकरी दिलाने का पूरा भरोसा देती थी और इस एवज में उनसे एडवांस के तौर पर लाखों रुपए की मोटी रकम वसूल लेती थी।

पैसे वापस मांगने पर थमाती थी फर्जी चैक
जब काफी समय बीत जाने के बाद भी नौकरी नहीं लगती थी और पीड़ित अपने पैसे वापस मांगते थे तो महिला टालमटोल करती थी। ज्यादा दबाव बनाने पर वह चालाकी से पीड़ितों को बैंक के चैक काट कर दे देती थी। लेकिन जब पीड़ित उन चैकों को कैश कराने के लिए बैंक खाते में लगाते थे तो महिला के खाते में पर्याप्त धनराशि न होने के कारण चैक बाऊंस हो जाते थे। इसके बारे में एएसपी राजेश उपाध्याय ने बताया कि कोर्ट से वारंट मिलने के बाद नियमों के तहत महिला को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम आरोपी महिला से गहनता से पूछताछ कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News