Hamirpur : महिला से छेड़छाड़ और विरोध करने पर मारपीट, 2 युवकों पर मामला दर्ज
punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2026 - 02:17 PM (IST)
Hamirpur News : सदर थाना के नजदीकी विवेकानंद् चौक पर महिला से छेड़छाड़ की नीयत से हुड़दंग मचाने, अश्लील गाने बजाने और विरोध करने पर मारपीट व गाली-गलौच करने का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गाड़ी में सवार मोनू और जोकर नाम के 2 युवकों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।
सिद्धार्थ शर्मा की शिकायत पर यह मामला दर्ज हुआ है। पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता ने दर्ज करवाया है कि बुधवार रात उनकी बहन विवेकानंद चौक पर मेहंदी लगवा रही थीं। इसी दौरान उक्त गाड़ी के चालक ने छेड़छाड़ के इरादे से तेज आवाज में गाने और हॉर्न बजाना शुरू कर दिया। जब शिकायतकर्ता और उनके जीजा ने इसका विरोध किया तो गाड़ी में सवार मोनू और जोकर ने उनके साथ लड़ाई-झगड़ा और गाली-गलौच शुरू कर दी। इसके बारे में एसपी बलवीर सिंह ठाकुर ने बताया कि सदर पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न नियमानुसार धाराओं के तहत मामला पंजीकृत किया है।
एसपी ने बताया कि यदि कहीं भी महिलाओं के साथ अभद्रता या छेड़छाड़ की घटना होती है तो तुरंत आपातकालीन नंबर 112 या महिला हैल्पलाइन 1091 पर सूचित करें। सूचना देने वाले नागरिक का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।

