Hamirpur: चुनाव से पहले 5 लाख नौकरियों का वायदा, अब युवाओं के हाथ में लॉटरी का टिकट थमाने की तैयारी : अनुराग
punjabkesari.in Thursday, Aug 27, 2026 - 05:39 PM (IST)
हमीरपुर (राजीव): हिमाचल प्रदेश में प्रस्तावित लॉटरी टैंडर को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए इसे प्रदेश के युवाओं के भविष्य के लिए चिंताजनक कदम बताया है। अनुराग सिंह ठाकुर ने दिल्ली में दिए अपने बयान में कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने प्रदेश के युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार उपलब्ध करवाने के वायदे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन वायदों को पूरा करने की बजाय सरकार ऐसी व्यवस्था लाने की तैयारी कर रही है, जो युवाओं को आसान पैसे और जुए की प्रवृत्ति की ओर आकर्षित कर सकती है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने चुनाव से पहले हिमाचल के युवाओं को 5 लाख सरकारी नौकरियां देने का वायदा किया था।
आज युवाओं को रोजगार के अवसर, निवेश और सुरक्षित भविष्य की आवश्यकता है, लेकिन सरकार की प्राथमिकताएं इसके विपरीत दिखाई दे रही हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार देने की बजाय युवाओं के हाथ में लॉटरी का टिकट थमाना प्रदेश के भविष्य के साथ न्याय नहीं है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हिमाचल की भोली-भाली जनता से चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वायदे किए थे। कांग्रेस सरकार को अब उन वायदों का हिसाब देना चाहिए और बताना चाहिए कि 5 लाख नौकरियों का वायदा पूरा करने की दिशा में क्या ठोस कदम उठाए गए हैं। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि लॉटरी को लेकर हिमाचल प्रदेश में पहले भी राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर व्यापक सहमति रही है।
तत्कालीन धूमल और वीरभद्र सरकारों ने भी ऐसी व्यवस्था को आगे नहीं बढ़ने दिया था। जब अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं की सरकारें भी इस विषय पर प्रदेश के सामाजिक हितों को प्राथमिकता देती रही हैं तो वर्तमान सुक्खू सरकार आखिर लॉटरी व्यवस्था को फिर से लाने की कोशिश क्यों कर रही है, यह सवाल प्रदेश की जनता पूछ रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे शांतिपूर्ण प्रदेश में युवाओं को रोजगार, शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध करवाने की आवश्यकता है, न कि उन्हें लॉटरी और जुए के आकर्षण की ओर ले जाने की।
सरकार को अपनी प्राथमिकताओं पर पुनर्विचार करना चाहिए और प्रदेश के युवाओं के हित में लॉटरी टैंडर को तत्काल वापस लेना चाहिए। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि यदि सरकार ने इस निर्णय को वापस नहीं लिया तो भारतीय जनता पार्टी इस मुद्दे को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से जनता के बीच जाएगी और सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल के युवाओं का भविष्य किसी भी कीमत पर लॉटरी और जुए की संस्कृति के हवाले नहीं किया जा सकता।

