Hamirpur: चढ़ाई पर अचानक फटा टायर...अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकराई कार, महिला घायल

punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2026 - 04:35 PM (IST)

हमीरपुर (अजय): जिला मुख्यालय के समीपवर्ती अणु क्षेत्र में रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। अणु मंदिर के समीप चढ़ाई चढ़ते वक्त एक चलती कार का अचानक टायर फट गया, जिससे वाहन बेकाबू होकर सड़क किनारे पहाड़ी से टकराने के बाद नाली में जा धंसा। इस दुर्घटना में कार में सवार एक महिला घायल हो गई, जबकि चालक सुरक्षित बच गया। हादसे के कारण मुख्य मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे कुठेड़ा क्षेत्र से संबंधित एक दंपति अपनी कार में सवार होकर हमीरपुर से अणु की तरफ जा रहा था। जैसे ही कार चढ़ाई पार करते हुए अणु मंदिर के पास पहुंची तो अचानक जोरदार आवाज के साथ उसका एक टायर फट गया। टायर फटते ही चालक का वाहन पर से नियंत्रण खो गया और अनियंत्रित कार सीधे पहाड़ी से टकराकर सड़क किनारे बनी पक्की नाली में फंस गई।

PunjabKesari

हादसा होते ही सड़क से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और स्थानीय राहगीरों ने तत्परता दिखाई और तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल महिला को गाड़ी से बाहर निकाला और नाली में फंसी कार को खींचकर किनारे किया, ताकि मार्ग पर लगे आंशिक जाम को खोलकर वाहनों की आवाजाही को सुचारू किया जा सके।

इस दुर्घटना में महिला की बाजू और टांगों में चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे उपचार के लिए नजदीकी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। गनीमत यह रही कि पहाड़ी से टकराने के कारण कार वहीं रुक गई, जिससे एक बड़ा जानी नुक्सान टल गया। मामले को लेकर फिलहाल पुलिस में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News