​Hamirpur: आल्टो को मॉडिफाई करवाना पड़ा भारी, पुलिस ने किया एक लाख का चालान

punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 10:07 PM (IST)

हमीरपुर (अजय): जिला में बिगडै़ल और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने मोर्चा खोल दिया है। पुलिस ने आल्टो गाड़ी को मॉडिफाई करवाने पर 1 लाख रुपए का चालान किया है। इंस्पैक्टर कुलवंत सिंह की अगुवाई में पुलिस ने सोमवार दोपहर बाद गांधी चौक के नजदीक इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि चालक ने एमवी एक्ट नियमों को दरकिनार करते हुए अपनी आल्टो गाड़ी के टायरों समेत कुछ अन्य अवैध मोडिफिकेशन करवाई थी। सूत्रों के मुताबिक हमीरपुर पुलिस द्वारा किया गया यह सबसे बड़ा चालान है।

इस दौरान सदर पुलिस ने शहर के मुख्य बाजार में चल रही स्कूटी को भी जब्त किया है, स्कूटी सवार ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के इरादे से इसकी नम्बर प्लेट से छेड़छाड़ की थी। काबिलेगौर है कि करीब डेढ़ हफ्ते पहले बटक क्षेत्र में बाइक पर सवार 2 युवकों से चिट्टा बरामद हुआ था, इस दौरान पुलिस ने इस बाइक को कब्जे में लेकर छानबीन की थी। जांच में सामने आया था कि इस बाइक पर लगाई गई नंबर प्लेट फर्जी थी। वह नम्बर किसी कार के नाम पर रजिस्टर्ड हुआ था। इस खुलासे के बाद पुलिस सभी छोटे-बड़े वाहनों पर नजर रखे हुए है। एएसपी राजेश उपाध्याय ने मामले की पुष्टि की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News