नशे में टल्ली होकर सात फेरे लेने पहुंचा दूल्हा, दुल्हन ने वापस लौटाई बारात

punjabkesari.in Wednesday, Nov 18, 2020 - 07:28 PM (IST)

सरकाघाट (महाजन): उपमंडल धर्मपुर की सजाओपीपलु पंचायत के एक गांव में दूल्हे को उस समय अपने ससुराल पक्ष से बैरंग लौटना पड़ा जब नशे की हालत में होने के कारण दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया और बारात बैरंग लौट आई। दूल्हा पक्ष से बड़ी धूमधाम से बारात निकली थी और उसके ससुराल वालों ने भी बारातियों की आवभगत में कोई कसर नहीं छोड़ी थी लेकिन जब दूल्हा लग्न मंडप में बैठने लगा तो नशे में होने के कारण झूमने लगा। यह सब देखकर लड़की के पक्ष वालों में कानाफूसी शुरू हो गई और होते-होते बात दुल्हन के कानों तक पहुंच गई।

लग्न बेदी में सात शृंगार करके बैठने के लिए तैयार दुल्हन ने स्वयं अपनी आंखों से मामले की सच्चाई को जानना चाहा तो दूल्हा नशे में झूम रहा था और उसकी हालत देखकर लड़की ने तत्काल उससे विवाह करने से इंकार कर दिया। दूल्हा पक्ष और लड़की की ओर से सभी ने लड़की को मनाने की कोशिश की लेकिन वह टस से बस नहीं हुई और निराश होकर दुल्हा पक्ष वालों को बारात वापस लौटानी पड़ी। चारों ओर दुल्हन के इस साहस की चर्चा है। बारातियों के अनुसार शादी लड़के और लड़की की आपसी सहमति से हो रही थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News