हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग गठन को राज्यपाल की मंजूरी, अधिसूचना जारी

punjabkesari.in Saturday, Sep 28, 2024 - 10:45 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग गठन को राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने अपनी मंजूरी प्रदान कर दी है। राज्यपाल की तरफ से मंजूरी मिलने के बाद कार्मिक विभाग की सचिव एम सुधा देवी की तरफ से इस आशय संबंधी अधिसूचना जारी कर दी गई है। ऐसे में अब अध्यक्ष एवं 2 सदस्यों के औपचारिक रूप से पदभार संभालने के बाद विभिन्न विभागों में सरकारी भर्तियों की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना बढ़ गई है। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने गत 12 सितम्बर को वन विभाग के मुखिया (हॉफ) के पद से सेवानिवृत्त हुए आईएफएस अधिकारी राजीव कुमार को हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग हमीरपुर का अध्यक्ष नियुक्त किया है।

उनकी यह नियुक्ति 2 वर्ष या फिर 65 वर्ष की आयु पूरी करने की अवधि तक की गई है। इसके अलावा सेवानिवृत्त कमोडोर रुपन बेम्बे को चयन आयोग का पहला सदस्य नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति 2 वर्ष या फिर से 65 वर्ष की आयु पूरी करने की अवधि तक की गई है। इसी तरह एचएएस अधिकारी व हिमाचल प्रदेश बैकवर्ड क्लासिज फाइनांस एंड डिवैल्पमैंट कॉर्पोरेशन कांगड़ा के एमडी रहे सुखदेव सिंह को दूसरा सदस्य नियुक्त किया गया है।

उनकी नियुक्ति भी 2 वर्ष या फिर 65 वर्ष की आयु पूरी करने की अवधि तक की गई है। राज्य सरकार ने अध्यक्ष को 1.35 लाख रुपए प्रतिमाह और सदस्यों को 1.20 लाख रुपए प्रतिमाह दिए जाएंगे। आयोग के अध्यक्ष और सदस्य को चिकित्सीय यात्रा, दैनिक और माइलेज भत्ते क्रमश: प्रधान सचिव और सचिव के समरूप दिए जाएंगे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News