हिमाचल में जूनियर ऑफिस असिस्टैंट के 500 पद भरेगी सरकार, नौकरी से पहले डोप टैस्ट अनिवार्य : सीएम सुक्खू

punjabkesari.in Saturday, May 30, 2026 - 08:16 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): राज्य सरकार जूनियर ऑफिस असिस्टैंट के 500 पद भरेगी। प्रशासनिक सचिवों के साथ आयोजित बैठक में अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यह बात कही। इसके साथ ही उन्होंने विभागाध्यक्षों को करुणामूलक आधार पर नौकरी के लिए आवेदन करने वाले आवेदकों का पूरा विवरण उपलब्ध करवाने को कहा ताकि प्रदेश सरकार इन मामलों में उचित निर्णय ले सके। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों से रिक्त पदों की जानकारी उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए, ताकि इन्हें शीघ्र भरा जा सके।

सरकारी सेवा में नियुक्ति से पहले डोप टैस्ट अनिवार्य होगा
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सभी विभागों को सरकारी सेवा में नियुक्ति से पहले अभ्यर्थियों का डोप टैस्ट अनिवार्य करने और इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने बैठक में चिट्टा तस्करी में संलिप्त पाए गए सरकारी कर्मचारियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने चिट्टा के विरुद्ध जन आंदोलन शुरू किया है तथा नशा माफिया के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है। युवाओं को नशे की बुराई से बचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

वन भूमि पर गिरे और उखड़े पेड़ों को हटाने के लिए 1 जून से चलेगा विशेष अभियान
मुख्यमंत्री ने हाल ही में आए तूफान के कारण वन भूमि पर गिरे और उखड़े पेड़ों की जानकारी एकत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन पेड़ों को हटाने के लिए 1 जून से विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गिरे हुए पेड़ों को हटाने में देरी से राज्य को संसाधनों की हानि होती है, इसलिए वन विभाग प्राथमिकता के आधार पर इनका शीघ्र निष्पादन और निस्तारण सुनिश्चित करे।  

सेवानिवृत्त कर्मचारियों के भुगतान शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश
मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रशासनिक सचिवों के साथ आयोजित बैठक में बजट घोषणा के अनुसार चतुर्थ श्रेणी के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित ग्रैच्युटी एवं अवकाश नकदीकरण के भुगतान शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसको लेकर सरकार पहले ही 110 करोड़ रुपए जारी कर चुकी है। इस बैठक में  मुख्य सचिव संजय गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव केके पंत एवं ओंकार चंद शर्मा, प्रधान सचिव देवेश कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर और आशीष सिंहमार सहित अन्य प्रशासनिक सचिव उपस्थित थे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News