प्रदेश के अंदर इलैक्ट्रिक बसें चलाने पर विचार करेगी सरकार: विक्रम ठाकुर

punjabkesari.in Tuesday, Jun 01, 2021 - 11:37 AM (IST)

डाडासीबा (सुनील): उद्योग तथा परिवहन मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि कोरोना वायरस की दूसरी लहर अभी पूर्णतः खत्म नहीं हुई है। कोरोना के खिलाफ जंग को जीतने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। सोमवार को उन्होंने एक निजी चैनल को दिए गए साक्षात्कार में कहा कि हिमाचल प्रदेश के अंदर पॉजिटिव मरीजों की संख्या घटी है तथा मृत्यु दर में भी कमी आई है। यह दौर बड़े लंबे समय तक नहीं रहेगा। उन्होंने ट्रांसपोर्ट के संदर्भ में पूछे गए सवाल पर कहा कि कोरोना की दूसरी लहर के कारण हिमाचल प्रदेश के अंदर ट्रांसपोर्ट पूर्णतः बंद है। लोगों को यदि घरों के अंदर बंद रखना है तो ट्रांसपोर्ट को बंद करना आवश्यक है। ट्रांसपोर्ट बंद होने के कारण सरकार को घाटा जरूर है लेकिन आम नागरिक की जान बचाना सरकार की प्राथमिकता है। जैसे ही हालात सामान्य होंगे ट्रांसपोर्ट पटरी पर आएगा। उन्होंने इंडस्ट्री पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि इंडस्ट्री के अंदर कार्य सामान्य रूप से चल रहा है।

कारखानों को चलाने वाले मालिक और कामगारों के बीच अच्छा समन्वय है जिस कारण इंडस्ट्री प्रदेश के अंदर सुचारू रूप से चल रही है। उन्होंने निवेशकों के हिमाचल से बाहर चले जाने के सवाल के जवाब में कहा कि कोरोना के कारण स्पीड अवश्य कम हुई है। वर्तमान दौर में 2 महीनों के अंदर स्थापित होने वाले उद्योग को 6 महीनों का समय लग रहा है। 10500 करोड़ रुपए की इन्वेस्टमेंट की सरकार मॉनिटरिंग कर रही है। इन्वेस्टर कहीं नहीं गया है, यह आरोप पूर्णतः निराधार हैं। कोरोना का दौर गुजर जाने के बाद इन्वेस्टमेंट की स्पीड को तीव्र गति के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। हिमाचल प्रदेश के अंदर ज्यादा से ज्यादा उद्योग स्थापित होंगे जिससे युवाओं को रोजगार उपलब्ध होगा। विकट परिस्थितियों में सरकार के अधिकारी और कर्मचारी सरकार के साथ चट्टान की तरह खड़े हैं। हालात सुधरते ही ट्रांसपोर्ट को शुरू करने पर बल दिया जाएगा। सी.एन.जी. गाडिय़ों की संख्या  हिमाचल प्रदेश के अंदर ज्यादा नहीं है जबकि इलैक्ट्रिक बसेज की इंट्रोडक्शन ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट ने की थी। यदि समय ठीक रहा तो आने वाले दिनों में पूरे हिमाचल प्रदेश के अंदर चरणबद्ध तरीके से इलैक्ट्रिक बसें चलाने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने प्राइवेट बस ऑपरेटर की मांगों को जायज ठहराया और कहा कि आने वाले दिनों में प्राइवेट बस ऑपरेटरों की समस्या का समाधान सुनिश्चित बनाया जाएगा। वर्तमान दौर में अभी से ही कुछ कहना हमारे लिए कठिन है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

prashant sharma

Recommended News

Related News