Himachal: सुक्खू सरकार ने सिरमौर को दी बड़ी सौगात, नाहन में होगा हैलीपोर्ट का निर्माण
punjabkesari.in Thursday, Nov 21, 2024 - 02:42 PM (IST)

नाहन (आशु वर्मा): सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने जिला सिरमौर को एक बड़ी सौगात दी है। सरकार ने नाहन में हैलीपोर्ट को मंजूरी दे दी है। लिहाजा प्रस्तावित हैलीपोर्ट के निर्माण की कवायद तेज हो गई है। सरकार की हरी झंडी मिलते ही लोक निर्माण विभाग ने हाल ही में हैलीपोर्ट के लिए प्रस्तावित बाधा सीमा सतह (ओएलएस) सर्वे के टैंडर भी कर दिए हैं। टैंडर के बाद चयनित कंपनी इस हैलीपोर्ट का बाधा युक्त सीमाओं सहित हैलीपोर्ट से जुड़े विभिन्न कार्यों का सर्वेक्षण करेगी। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर हैलीपोर्ट के निर्माण को लेकर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल इस पर कितना बजट व्यय किया जाएगा, यह सर्वे के उपरांत ही तय होगा।
\धारक्यारी मोहल में प्रस्तावित है हैलीपोर्ट
दरअसल यह हैलीपोर्ट जिला मुख्यालय नाहन के समीप धारक्यारी मोहल में प्रस्तावित है। जिला प्रशासन की ओर से हैलीपोर्ट निर्माण के लिए चयनित 11 बीघा 10 बिस्वा भूमि पहले ही पर्यटन विभाग को हस्तांतरित की जा चुकी है। बता दें कि हैलीपोर्ट के निर्माण की सभी औपचारिकताएं पूरी कर प्रशासन पहले ही इसकी प्रपोजल सरकार को स्वीकृति के लिए भेज चुका था। अब ओएलएस सर्वे के बाद इसके निर्माण के लिए बजट का प्रावधान किया जाना है। यदि सब कुछ सही रहा, तो जल्द ही यहां के लोग भी हवाई सेवाओं की सुविधा से लैस होकर आसमान में सफर का लुत्फ उठा सकेंगे।
हैलीपोर्ट में हर समय रहेगी 3 हैलीकॉप्टरों की सुविधा
जिला प्रशासन द्वारा वर्ष 2023 में सरकार को भेजी गई प्रपोजल के मुताबिक हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को प्रस्तावित इस हैलीपोर्ट में कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी। हैलीपोर्ट में हर समय 3 हैलीकॉप्टरों की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यात्रियों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था के साथ वेटिंग रूम का निर्माण भी होगा। सिक्योरिटी के भी प्रबंध होंगे। यही नहीं, यात्रियों के खाने-पीने की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस हैलीपोर्ट में रैस्टोरैंट का भी निर्माण किया जाएगा। हैलीपोर्ट में यात्रियों को वे तमाम सुविधाएं मिलेंगी, जो एक मिनी हवाई अड्डे के रूप में मिलती हैं।
कहां-कहां के लिए मिलेगी सुविधा, बाद में होगा तय
हैलीपोर्ट के निर्माण से बाहर से आने वाले यात्रियों व स्थानीय लोगों का हवाई यात्रा के माध्यम से आने-जाने का सिलसिला शुरू होगा। शिमला, चंडीगढ़, धर्मशाला इत्यादि क्षेत्रों में हैलीकॉप्टर की सेवाओं से लोगों को बड़ा लाभ मिल सकेगा। हालांकि हैलीकॉप्टर की सुविधाएं कहां-कहां के लिए मिलेंगी, यह सब इसके निर्माण के बाद ही तय किया जाएगा। इतना जरूर है कि अब जिला सिरमौर में भी जल्द हवाई यात्रा शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
जिले में पर्यटन की हैं अपार संभावनाएं
जिला सिरमौर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। एशिया का पहला फॉसिल पार्क नाहन विधानसभा क्षेत्र के सुकेती में स्थित हैं। गुरु की नगरी के नाम से मशहूर पांवटा साहिब में ऐतिहासिक गुरुद्वारा मौजूद है, जहां प्रतिदिन भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। प्रदेश की सबसे बड़ी प्राकृतिक झील व भगवान परशुराम की जन्मस्थली श्री रेणुका जी भी अपने आप में प्रसिद्ध धार्मिक व पर्यटन स्थलों में से एक है। शिरगुल महाराज के दर्शनों के लिए भी प्रति वर्ष हजारों श्रद्धालु चूड़धार चोटी पर पहुंचते हैं। करीब 400 वर्षों पुराना नाहन शहर अपनी ऐतिहासिक इमारतों के लिए पहचान रखता है। ऊपरी इलाकों हरिपुरधार, नौहराधार, संगड़ाह आदि में होने वाली बर्फबारी भी यात्रियों को यहां खींच लाती है। इसी तरह जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।
सर्वे के बाद होगा बजट का प्रावधान : अजय सोलंकी
विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशों पर नाहन में भी हैलीपोर्ट प्रस्तावित है। सरकार की तरफ से इसकी मंजूरी मिल चुकी है। हैलीपोर्ट के निर्माण के लिए बजट का प्रावधान बाद में किया जाएगा। फिलहाल इसके निर्माण से पूर्व ओएसएस सर्वे किया जाना है। उन्होंने कहा कि हैलीपोर्ट न केवल नाहन बल्कि जिला सिरमौर के लिए सरकार का बड़ा तोहफा है। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि रोजगार भी सृजित होगा।
क्या कहते हैं पीडब्ल्यूडी नाहन के अधिकारी
पीडब्ल्यूडी नाहन के एक्सियन आलोक जुनवेजा ने बताया कि धारक्यारी मोहल में प्रस्तावित हैलीपोर्ट के लिए सरकार से मंजूरी मिल चुकी है। ओएलएस सर्वे के टैंडर किए जा चुके हैं। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here