Himachal: कांगड़ा में बड़ी वारदात, मां बज्रेश्वरी के मंदिर जा रही महिला से लूटी 3 तोले सोने की चेन, बाइक पर फरार हुए लुटेरे
punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 11:48 AM (IST)
कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के प्रमुख धार्मिक शहर कांगड़ा में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आज सुबह शहर के प्रसिद्ध माता बज्रेश्वरी मंदिर मार्ग पर दर्शन के लिए जा रही एक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली। दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सुबह लगभग 6 बजे की है। पीड़िता की पहचान शांता गुलियानी के रूप में हुई है। वह सुबह-सुबह माता बज्रेश्वरी देवी के मंदिर में माथा टेकने के लिए पैदल जा रही थीं। जब वह मंदिर मार्ग से गुजर रही थीं, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे। इससे पहले कि शांता गुलियानी कुछ समझ पातीं, बदमाशों ने अचानक उनका मुंह बंद कर दिया ताकि वह शोर न मचा सकें। इसके बाद शातिर बदमाशों ने उनके गले से झपट्टा मारकर लगभग तीन तोले की सोने की चेन तोड़ ली और पलक झपकते ही अपनी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। छीनी गई इस सोने की चेन की मौजूदा बाजार कीमत लगभग साढ़े चार लाख रुपए बताई जा रही है।
बिना नंबर प्लेट की बाइक पर आए थे बदमाश
घटना की सूचना मिलते ही कांगड़ा पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर पीड़िता के बयान दर्ज किए। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर सघन जांच शुरू कर दी है। पुलिस थाना कांगड़ा के प्रभारी संजीव कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह स्पष्ट रूप से एक चेन स्नैचिंग का मामला है। उन्होंने बताया कि जिस मोटरसाइकिल पर बदमाश आए थे, उस पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी, जो दर्शाता है कि आरोपियों ने पूरी प्लानिंग के साथ इस वारदात को अंजाम दिया है। शुरूआती जांच के आधार पर पुलिस को गहरी शंका है कि इस लूट की घटना में शामिल आरोपी पड़ोसी राज्य पंजाब के हो सकते हैं।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने तकनीकी जांच तेज कर दी है। एसएचओ संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस की कई टीमें कांगड़ा मुख्य बाजार और शहर के बाहर स्थित टोल प्लाजा पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाल रही हैं, ताकि लुटेरों के भागने के रूट और उनकी पहचान का सुराग लग सके। पुलिस प्रशासन ने जनता को आश्वासन दिया है कि जल्द ही इन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
कानून-व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
धार्मिक नगरी कांगड़ा में जहां रोजाना हजारों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं, वहां सुबह सवेरे हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने पुलिस गश्त और कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है। इस घटना ने विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे सुबह के समय सैर या मंदिर जाने वाली महिलाओं में डर का माहौल पैदा हो गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

