Bilaspur: खड्ड छलांग मामले में दादी ने दर्ज़ करवाया आत्महत्या को उकसाने व किडनैपिंग का मामला

punjabkesari.in Tuesday, Nov 17, 2026 - 07:44 PM (IST)

घुमारवीं (जम्वाल): सीर खड्ड पुल से छलांग लगाकर दो नाबालिग सहेलियों की मौत के मामले में पुलिस ने अब किडनैपिंग और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। एक युवती की दादी की शिकायत के आधार पर थाना बरमाणा में एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं, मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घुमारवीं शहर से लेकर आसपास के क्षेत्रों और सुंदरनगर से घुमारवीं तक विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों नाबालिग घर से निकलने के बाद कहां-कहां गईं और उनके साथ कौन-कौन लोग संपर्क में थे।

गौरतलब है कि शनिवार को दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली दोनों सहेलियां परीक्षा देने के बहाने घर से सुंदरनगर जाने के लिए निकली थीं। इसके बाद रविवार शाम करीब छह बजे घुमारवीं के सीर खड्ड पुल से दोनों ने छलांग लगा दी। हादसे में दोनों की मौत हो गई। सोमवार को दूसरी युवती का शव भी बरामद कर लिया गया था। इस घटना के बाद से ही दोनों के इस खौफनाक कदम उठाने के पीछे की वजह को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

पुलिस अब इस मामले को हर पहलू से जोड़कर जांच कर रही है। दादी की शिकायत के आधार पर दर्ज मामले के अलावा दोनों युवतियों की गतिविधियों, उनके संपर्कों और घर से निकलने के बाद की परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से पुलिस घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है। मामला संवेदनशील होने के कारण जांच में हर तथ्य को बारीकी से परखा जा रहा है।

उधर,एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि एक युवती की दादी की शिकायत पर थाना बरमाणा में किडनैपिंग और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। घुमारवीं शहर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News