Kangra: काम के दौरान करंट लगने से प्लंबर की मौत
punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 04:43 PM (IST)
गरली (सन्नी): प्रागपुर क्षेत्र के मसोट गांव में गुरुवार सुबह प्लंबिंग का काम करते समय करंट लगने से 45 वर्षीय प्लंबर की मौत हो गई। मृतक की पहचान कुंवरजीत सिंह उर्फ सोनू पुत्र बलवंत सिंह निवासी गांव टियालू, अपर प्रागपुर के रूप में हुई है। जानकारी अनुसार कुंवरजीत सिंह पेशे से प्लंबर थे और पिछले कई वर्षों से इसी कार्य के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। गुरुवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे वह मसोट स्थित एक घर में प्लंबिंग का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना देहरा की टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। एडिशनल एसपी देहरा नवदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। करंट लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे में किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं हुई। प्रधान रमेश पटियाल ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को शीघ्र पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाए।

