Shimla: चैक बाऊंस मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, डेढ़ साल से फरार उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, Oct 16, 2026 - 04:55 PM (IST)
शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला की सदर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चैक बाऊंस के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे और अदालत द्वारा उद्घोषित अपराधी घोषित किए गए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी काफी समय से कानून की आंखों में धूल झोंक कर पुलिस की गिरफ्त से बच रहा था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ एसीजेएम-2 शिमला की अदालत में कवि खन्ना बनाम कमल किशोर का मामला विचाराधीन था। यह मामला नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत दर्ज किया गया था, जो लगभग 2 लाख रुपए के चैक बाऊंस से जुड़ा हुआ है। लगातार कानूनी प्रक्रियाओं में शामिल न होने और अदालत से गैर-हाजिर रहने के कारण अदालत ने 25 जून, 2025 को आरोपी कमल किशोर को उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।
अदालत के आदेशों के बाद सदर थाना शिमला की पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने शिमला के चक्कर रोड स्थित एक जंकयार्ड पर दबिश दी। यहां से पुलिस ने आरोपी कमल किशोर पुत्र चेत राम निवासी जिला मंडी को धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने नियमानुसार आरोपी का मेडिकल परीक्षण करवाया है और अन्य सभी जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

