शातिरों ने कौन बनेगा करोड़पति के नाम पर शिक्षिका से ठगे 15 लाख, पुलिस जांच में जुटी

punjabkesari.in Tuesday, Nov 24, 2020 - 09:53 PM (IST)

कुल्लू (ब्यूरो): जिला मुख्यालय स्थित सुल्तानपुर की एक महिला को शातिरों ने ठगी का शिकार बना लिया। ठगों के झांसे में आई यह शिक्षिका बीते जून महीने से लेकर ठगों के खातों में पैसे डालती रही। कौन बनेगा करोड़ के नाम पर शातिरों ने महिला को झांसे में लिया और लूट डाला। अब महिला ने पुलिस के पास इस प्रकरण की शिकायत की है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार महिला के साथ ठगी का सिलसिला एक जून से शुरू हुआ। शातिरों ने महिला को कहा था कि आपका मोबाइल नंबर कौन बनेगा करोड़पति के लक्की ड्रा में चयनित हुआ है और आप 40 लाख रुपए की लॉटरी जीत चुकी हैं।

जब पैसे भेजने बंद किए तो जुर्माने के नाम डाराया

राणा प्रताप सिंह और राजकुमार सिंघानिया नाम के अनजान व्यक्तियों ने महिला को झांसे में लेने के बाद अलग-अलग कई बैंक खातों में पैसे डालने को कहा। अब तक महिला 15 लाख रुपए ठगों के बताए खातों में डाल चुकी है। बीच में जब महिला ने पैसे भेजने बंद किए तो शातिरों ने महिला को डराया कि आपके ऊपर जुर्माना हो जाएगा। यह भी कहा कि आप अपने आभूषण व जमीन बेचकर भी पैसे लाओ और खाते में डालो। शातिरों में महिला को डराया कि आप इस लॉटरी को जीतने का जिक्र किसी से मत करना। यदि किसी से जिक्र किया तो लालची लोग आपके दुश्मन बन जाएंगे और पैसों के लिए आपको मार भी सकते हैं।

खाते में 40 लाख रुपए आने का दिलाया था भरोसा

शातिरों ने नवम्बर महीने तक महिला के खाते में 40 लाख रुपए आने का भरोसा दिलाया था। इस राशि को महिला के खाते में डालने से पहले कुछ चार्जिज के नाम पर महिला से धीरे-धीरे 15 लाख रुपए ऐंठ लिए। अब जब महिला को ठगी का एहसास हुआ तो महिला ने पुलिस के पास इसकी शिकायत की है। महिला ने शिकायत पत्र में उन दूरभाष नंबरों का भी जिक्र किया है जिन नंबरों से ठगों ने उसे फोन किए थे। कब-कब किन-किन बैंक खातों में महिला ने पैसे डाले, उनकी भी पूरी डिटेल दी हुई है। अब पुलिस मामले की छानबीन में लग गई है।

समय रहते सूचना दी होती तो न होता नुक्सान

जानकार मानते हैं कि यदि महिला ने पहले ही पुलिस को इस बात की सूचना दी होती तो इतना नुक्सान न होता। कुछ हजार रुपए गंवाने के उपरांत ही शातिरों को पुलिस दबोच सकती थी और पैसा भी महिला को वापस मिल सकता था। पिछले 5 महीनों से यह खेल चला हुआ है और अब तक शातिरों ने थोड़े-थोड़े करके खातों में आए पैसे डकार भी लिए होंगे। पुलिस भी बार-बार आम लोगों से अपील करती है कि इस प्रकार की ठगी की तुरंत पुलिस को सूचना दें। देरी होने पर पैसा वापस ला पाना मुश्किल हो सकता है।

ऐसी फोन कॉल्स को नजरअंदाज करें लोग

एएसपी कुल्लू राजकुमार चंदेल ने बताया कि इस प्रकरण में पुलिस को शिकायत मिली है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। हमारी आम लोगों से अपील है कि इस प्रकार की फोन कॉल्स को नजरअंदाज करें। जब किसी ने कोई लॉटरी का टिकट खरीदा ही नहीं और कहीं कोई फोन कॉल भी की ही नहीं तो लॉटरी कैसे लग सकती है। पहले भी इस प्रकार के मामलों में दूसरे प्रांतों से शातिर दबोचे हैं। इस मामले की भी जांच शुरू कर दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News