सोलन में “पेंशन अधिकारी” बनकर साइबर ठगी! WhatsApp पर आया कॉल और खाते से उड़ गए 4.90 लाख
punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 02:30 PM (IST)
Solan News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें पेंशनर को शातिर ठगों ने निशाना बनाया। शातिरों ने खुद को पेंशन अधिकारी बताकर बैंक संबंधी जानकारी हासिल की और पीड़ित के खाते से 4.90 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए।
पुलिस के अनुसार, नारायण सिंह चौहान, निवासी वार्ड 3, सोलन बाईपास, ने शिकायत दर्ज करवाई कि उन्हें मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को पेंशन अधिकारी बताकर बैंक खाते की जानकारी मांगी। आरोपी ने पीड़ित से “पंजाब नेशनल बैंक पेंशन कार्ड” नामक एप्लिकेशन इंस्टॉल कराने को कहा। जैसे ही नारायण सिंह ने एप्लिकेशन इंस्टॉल किया, उनके खाते से 4.90 लाख रुपए अनजान खाते में ट्रांसफर हो गए।
क्या बोले एसपी गौरव सिंह?
एसपी सोलन गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और चेताया है कि किसी भी अनजान कॉल या एप्लिकेशन लिंक पर भरोसा न करें, भले ही उसे बैंक या पेंशन अधिकारी होने का दावा किया जाए।

