Hamirpur: पूर्व सैनिकों के मंच से MLA आशीष शर्मा का बड़ा हमला, बोले-1500 रुपए के नाम पर महिलाओं को ठग रही कांग्रेस सरकार

punjabkesari.in Sunday, Jan 25, 2026 - 01:58 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): हमीरपुर सदर के विधायक आशीष शर्मा ने पूर्व सैनिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार पिछले 3 सालों से महिलाओं को 1500 रुपए देने के नाम पर सिर्फ झूठ बोलकर ठग रही है। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हर जनसभा में झूठी घोषणाएं करते हैं, जबकि हकीकत यह है कि सरकार के खजाने में देने के लिए कुछ भी नहीं है।

भाजपा करती है पूर्व सैनिकों और महिलाओं का सम्मान 
विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि भाजपा हमेशा से सैनिकों और महिलाओं का सम्मान करती आई है। उन्होंने देश की सुरक्षा का श्रेय वीर सैनिकों को देते हुए कहा कि अगर आज देश सुरक्षित है तो वह सरहद पर दिन-रात पहरा दे रहे हमारे जवानों की वजह से है। उन्होंने बताया कि पूर्व सैनिकों को सम्मानित करने का मुख्य उद्देश्य आने वाली युवा पीढ़ी में देशभक्ति की भावना भरना और उन्हें देशसेवा के लिए प्रेरित करना है।

विधायक निधि बंद होने पर भी नहीं रुका विकास
प्रदेश सरकार को घेरते हुए आशीष शर्मा ने कहा कि सरकार ने मार्च महीने तक विधायक निधि बंद कर रखी है। इसके बावजूद वे अपने स्तर पर पंचायतों के विकास के लिए धन उपलब्ध करवा रहे हैं ताकि विधानसभा क्षेत्र का विकास न रुके। इस दौरान उन्होंने स्वाहल पंचायत को 14 नई लाइट्स भेंट कीं, जबकि इससे पहले भी वे यहां 20 लाइट्स दे चुके हैं।

देश की सुरक्षा और मजबूती के लिए केंद्र और प्रदेश में मोदी सरकार जरूरी
विधायक ने देश की सुरक्षा और मजबूती के लिए केंद्र और प्रदेश में मोदी सरकार को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस सरकार सिर्फ झूठ के सहारे चल रही है, जबकि देश को सुरक्षित हाथों की जरूरत है।

300 पूर्व सैनिक और महिला मंडल किए सम्मानित
इस सम्मेलन के दौरान विधायक आशीष शर्मा ने करीब 300 पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को सम्मानित किया। इसके अलावा, एक दर्जन महिला मंडलों और भाजपा के बूथ अध्यक्षों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वाति जार, सैनिक प्रकोष्ठ के संयोजक कमलेश परमार, ग्राम पंचायत स्वाहल के प्रधान सहित अन्य कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News