Shimla: सीएम सहित राज्यपाल और विपक्ष के नेताओं ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी काे अर्पित की श्रद्धांजलि

punjabkesari.in Thursday, Dec 25, 2025 - 07:25 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अटल जी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए उन्हें एक असाधारण राजनेता, प्रखर वक्ता और प्रतिभाशाली कवि बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति उनके अमूल्य योगदान को देश हमेशा याद रखेगा। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, उपायुक्त अनुपम कश्यप, एसपी संजीव गांधी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

PunjabKesari

राजनीति में शत्रुता नहीं, प्रतिस्पर्धा का पाठ पढ़ाया : राज्यपाल
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने भी रिज मैदान पर पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अटल जी को जन-जन का नेता बताते हुए कहा कि वह हर किसी के दिल में बसते थे। राज्यपाल ने कहा कि वाजपेयी जी ने सत्ता पक्ष और विपक्ष को साथ लेकर चलने की जो परंपरा शुरू की, उसने साबित किया कि राजनीति में प्रतिस्पर्धा हो सकती है लेकिन शत्रुता नहीं। उन्होंने अटल जी के आचरण को आज की राजनीति के लिए मार्गदर्शक बताया और कहा कि हिमाचल को अपना दूसरा घर मानने वाले अटल जी एक सच्चे राष्ट्रवादी थे।

PunjabKesari

अटल जी की दूरदृष्टि से हिमाचल के गांवों तक पहुंची सड़कें : राजीव बिंदल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती के अवसर पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने 'प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना' को अटल जी की दूरदर्शी सोच का परिणाम बताया। डॉ. बिंदल ने कहा कि इस योजना के कारण ही हिमाचल के दूर-दराज के क्षेत्र सड़क सुविधा से जुड़ पाए और वहां के जनजीवन में सकारात्मक बदलाव आया। उन्होंने अटल जी के हिमाचल के साथ गहरे और आत्मीय संबंधों को याद करते हुए कहा कि उनके विकास कार्यों ने गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है।

PunjabKesari

मुख्यमंत्री ने पर्यटक सूचना केन्द्र का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मालरोड स्थित पर्यटक सूचना केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से बातचीत की और दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देवभूमि में पधारने वाले पर्यटकों को कोई भी असुविधा नहीं होनी चाहिए। पर्यटन राज्य की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है। इस क्षेत्र को सुदृढ़ करने से आर्थिकी को सम्बल मिलेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य में प्रतिवर्ष पांच करोड़ पर्यटकों को आकर्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ नई पहलें और बहुआयामी प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने रिज और मालरोड पर पर्यटकों से बातचीत भी की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News