स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के संकल्प के विपरीत स्कूलों को धड़ाधड़ बंद कर रही सरकार : भाजपा

punjabkesari.in Wednesday, Jul 05, 2023 - 08:23 PM (IST)

पूर्व मंत्री राजीव सहजल व विधायक सुखराम ने संस्थानों को बंद करने पर घेरी राज्य सरकार
शिमला (ब्यूरो):
पूर्व मंत्री डाॅ. राजीव सहजल एवं विधायक सुखराम चौधरी ने कहा है कि सुखविंदर सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के संकल्प के विपरीत स्कूलों को धड़ाधड़ बंद कर रही है। दोनों नेताओं ने यहां जारी संयुक्त बयान में कहा कि वर्तमान सरकार अब तक 1000 संस्थान बंद कर चुकी है, जो अलोकतांत्रिक निर्णय है। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष के विधायकों तथा कांग्रेस नेताओं को इलाके में मुंह दिखाना मुश्किल हो गया है क्योंकि कई जगह स्कूल, अस्पताल, तहसीलें, डिस्पैंसरी और पटवार सर्कल सहित अन्य संस्थान बंद कर दिए गए हैं। भाजपा नेताओं ने शिक्षा मंत्री के उस बयान पर भी कड़ी आपत्ति जताई, जिसमें उन्होंने स्कूलों को बंद करने और युक्तिकरण को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह कहा करते थे कि वह 2 बच्चों के लिए भी स्कूल खोलेंगे लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार उनकी परम्परा के विपरीत काम कर रही है। 

कांग्रेस के द्वंद्व युद्ध से पिस रही जनता
डाॅ. राजीव सहजल व सुखराम चौधरी ने आरोप लगाया कि सरकार और कांग्रेस संगठन में जो द्वंद्व युद्ध चल रहा है, उस कारण प्रदेश की जनता पिस रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार न तो जनता को दी गई 10 गारंटियों को पूरा कर रही है और न ही पूर्व भाजपा सरकार की तरफ से जनता की मांग पर खोले गए संस्थानों को चला रही है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News