गियू में बादल फटने से आई बाढ़, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

punjabkesari.in Tuesday, Jul 17, 2018 - 11:01 PM (IST)

उदयपुर: हिंदोस्तान-तिब्बत सीमा पर गियू गांव के सूखे नाले में एक बार फिर बाढ़ आ गई है। देश के जीरो प्वांइट पर स्थित गियू में बाढ़ आने से अफरा-तफरी का माहौल बना है। ठंडे पठार के इस सीमांत क्षेत्र में इस बार भी बिना बारिश के ही बाढ़ आई है। हालांकि प्रशासनिक स्तर पर कहा गया है कि बादल फटने से सूखे नाले में बाढ़ की स्थिति पैदा हुई। घटना के बाद स्पीति प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए राहत व बचाव के पुख्ता इंतजाम किए हैं। गियू में विभागीय मशीनरी तैनात करते हुए स्थिति पर नजर रखने के लिए कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं। गियू के नजदीक बहने वाले नाले की बाढ़ इससे पहले 2010 में भारी तबाही मचा चुकी है।


प्रशासन को देरी से मिली घटना की सूचना
बताया गया है कि बिन बारिश की बाढ़ का खतरा बना हुआ है। इससे पहले भी इसी तरह की भयंकर त्रासदी का दंश झेल चुके लोग एक बार फिर से सहमे हुए हैं। तिब्बत की सीमा से सटे गांव गियू तक सड़क मार्ग तो है मगर दूरसंचार सेवाओं का अभाव होने से प्रशासन को भी घटना की सूचना देरी से मिली। बताया गया है कि बाढ़ ने गियू को जोडऩे वाले एकमात्र सड़क मार्ग को तहस-नहस कर दिया। 2010 में बादल फटने की घटना से मिले जख्मों को भरने के लिए लगाई गई सुरक्षा दीवारें भी बाढ़ की भेंट चढ़ गईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ज्यादा बाढ़ आ गई तो जान-माल का खतरा है।


बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग बहाल
ए.डी.सी. स्पीति डा. विक्रम नेगी ने बताया कि  बादल फटने से गियू में बाढ़ आई है। बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग बहाल कर दिया गया। ऐहतियात के तौर पर एक जी.सी.बी. सहित विभागीय कर्मचारी गियू में तैनात किए गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News