Himachal: कसोल में पर्यटकों ने की फायरिंग, युवक के पांव में लगी गोली, 4 आरोपी हिरासत में...एक मौके से फरार
punjabkesari.in Saturday, May 30, 2026 - 09:40 PM (IST)
कुल्लू (संजीव): हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कसोल में शनिवार शाम को पंजाब से आए पर्यटकों और स्थानीय युवकों के बीच मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान सरेआम फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पंजाब के 4 युवकों को हिरासत में ले लिया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। वहीं इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
एसपी कुल्लू मदन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना शनिवार शाम करीब 6 बजे कसोल स्थित होटल ग्रीन वैली में पेश आई। उन्होंने बताया कि किसी बात को लेकर पंजाब के पर्यटकों और स्थानीय युवकों के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान एक पर्यटक ने पिस्तौल निकाल कर गोली चला दी, जाेकि एक युवक की पांव में जा लगी। मौके पर मौजूद एक अन्य युवक ने तुरंत घायल युवक को पीठ पर लादा और अस्पताल की तरफ ले जाने लगा। इस दौरान भी हमलावर ने गोली चलाने का प्रयास किया लेकिन उसके साथियों ने उसे रोक लिया।
वहीं सूचना मिलते ही मणिकर्ण पुलिस थाना की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और 4 आरोपियों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों की पहचान मनप्रीत सिंह (29) पुत्र जितेन्द्र सिंह निवासी गांव मियानी, जिला तरनतारन (पंजाब), अमन रंधावा (22) पुत्र मेजर सिंह निवासी गांव चननके, जिला अमृतसर (पंजाब), सुखमनदीप सिंह (17) पुत्र सुखविंदर सिंह निवासी पिंड चम्ब (मखू), जिला फिरोजपुर (पंजाब), करणदीप सिंह (22) पुत्र सरदार मलविंदर सिंह निवासी डेरा रोड, बटाला, जिला गुरदासपुर (पंजाब) के रूप में की गई है। वहीं एक अन्य आरोपी तमन निवासी बटाला गुरदासपुर (पंजाब) मौके से भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश की जा रही है।
एसपी मदन लाल ने बताया कि पुलिस मामले के हर महत्वपूर्ण पहलू को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है। इस हिंसक झड़प और फायरिंग के संदर्भ में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने साफ किया कि देवभूमि की शांति भंग करने वाले किसी भी शरारती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।

