Chamba News: धू-धू कर जला शिक्षा का मंदिर, गैस सिलेंडरों के धमाकों से दहला इलाका; स्कूल को राख होता देख फूट-फूट कर रोए मासूम
punjabkesari.in Sunday, Jun 28, 2026 - 07:55 PM (IST)
तीसा (सुभान दीन): चम्बा जिले के उपमंडल चुराह के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत जसौरगढ़ के सलोह स्थित प्राथमिक पाठशाला में रविवार का दिन एक बड़ी आपदा लेकर आया। रविवार दोपहर बाद स्कूल में अचानक भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते स्कूल के तीन कमरों को पूरी तरह जलाकर खाक कर दिया। गनीमत यह रही कि रविवार का अवकाश होने के कारण स्कूल में कोई भी छात्र या शिक्षक मौजूद नहीं था अन्यथा एक बहुत बड़ा और हादसा पेश आ सकता था।
गैस सिलेंडरों के धमाकों से दहला इलाका
जानकारी के अनुसार आग ने बहुत जल्दी विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें स्कूल की रसोई तक पहुंच गईं, जहां रखे गैस सिलेंडर आग की चपेट में आ गए। इसके बाद तेज धमाकों के साथ सिलेंडर फट गए। इन धमाकों की गूंज से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई और ग्रामीण सहम उठे। सिलेंडरों के फटने से आग की लपटें इतनी तीव्र हो गईं कि वे पूरी तरह से नियंत्रण से बाहर हो गईं।
मासूम बच्चों की आंखों से छलक पड़े आंसू
इस भयानक अग्निकांड में स्कूल का सारा सरकारी रिकॉर्ड, लेखा-जोखा, फर्नीचर और बच्चों की शैक्षणिक सामग्री जलकर पूरी तरह राख हो गई। जब धू-धू कर जलती स्कूल की इमारत को वहां पहुंचे नन्हे स्कूली बच्चों और ग्रामीणों ने देखा, तो उनके सब्र का बांध टूट गया। अपने शिक्षा के मंदिर को यूं राख के ढेर में तब्दील होता देख मासूम बच्चों की आंखों से आंसू छलक पड़े। वहां मौजूद हर व्यक्ति के लिए यह दृश्य बेहद हृदयविदारक था।
ग्रामीणों ने की आग बुझाने की कोशिश, नहीं मिली सफलता
आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। लोग अपने स्तर पर पानी और मिट्टी लेकर आग पर काबू पाने के लिए दौड़े। ग्रामीणों ने आग बुझाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उनकी सारी मेहनत धरी रह गई और देखते ही देखते स्कूल राख के ढेर में बदल गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और राजस्व विभाग की टीम को तुरंत नुक्सान का आकलन करने के लिए मौके पर रवाना कर दिया गया।
क्या कहते हैं अधिकारी और पंचायत प्रधान
कार्यकारी एसडीएम चुराह आशीष ठाकुर ने बताया कि सलोह प्राथमिक स्कूल में आग लगने से भारी नुक्सान हुआ है। राजस्व विभाग की टीम घटनास्थल पर नुक्सान का आकलन कर रही है। हमारी प्राथमिकता यह है कि बच्चों की पढ़ाई किसी भी हाल में बाधित न हो। इसके लिए हमने स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों को तुरंत बच्चों के लिए वैकल्पिक कक्षाएं लगाने का प्रबंध करने के सख्त निर्देश दिए हैं। वहीं, ग्राम पंचायत जसौरगढ़ के प्रधान कुलदीप सिंह ने बताया कि आग से स्कूल पूरी तरह राख हो गया है। हम पंचायत की ओर से पूरी कोशिश करेंगे कि नन्हे बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो और इसके लिए जल्द से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, आग में बच्चों की जो शैक्षणिक सामग्री जली है, उसकी भरपाई भी हम अपने स्तर पर करने का पूरा प्रयास करेंगे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

