गैस सिलैंडर में लगी आग से मकान जलकर राख, 18 लाख का नुक्सान

punjabkesari.in Thursday, Apr 08, 2021 - 10:21 PM (IST)

पधर (ब्यूरो): पधर क्षेत्र की ग्राम पंचायत पाली के माणा गांव में बुधवार रात को रसोईघर में रखे गैस सिलैंडर में आग लगने से मकान जलकर राख हो गया। वारदात के समय घर पर मात्र 2 महिलाएं ही मौजूद थीं और जब आग लगने की सूचना आसपास के ग्रामीणों को लगी तो वे भी मौके पर आकर आग पर काबू पाने में जुट गए लेकिन सबके प्रयास धरे के धरे रह गए। पधर पुलिस और अग्निशमन विभाग मंडी को सूचना देने पर दोनों विभागों के दल तुरंत मौके पर पहुंच गए लेकिन तब तक सब राख हो चुका था। घर पर मौजूद मथरा देवी और उसकी बहू कमलेश कुमारी सिलैंडर फटने के डर से तुरंत घर से बाहर खेतों में निकल आई थीं। मथरा देवी का इकलौता बेटा भारतीय सेना में कार्यरत है और अब दोनों महिलाएं रिश्तेदारों के घरों में शरण लेेने को मजबूर हैं।

गुरुवार प्रात: पंचायत प्रधान जया ठाकुर, उपप्रधान जीत कुमार व पंचायत समिति सदस्य कृपाल सिंह ठाकुर ने घटनास्थल का दौरा किया और नुक्सान का जायजा लिया। पधर प्रशासन की ओर से ग्रामीण राजस्व अधिकारी गीता देवी भी मौके पर पहुंचीं और लगभग 10 लाख रुपए के नुक्सान की आकलन रिपोर्ट तैयार की, जिसे पधर प्रशासन को प्रेषित कर दिया है। इस घटना में 2 कमरे व 1 रसोईघर पूरी तरह जल गया है जबकि तीसरा कमरा आग बुझाने के प्रयास में क्षतिग्रस्त हो गया है। उधर, तहसीलदार पधर हरि सिंह यादव ने बताया कि पीड़ित परिवार को प्रशासन की तरफ  से 15,000 रुपए की फौरी राहत दे दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News