Kangra: इंदौरा के खानपुर में भीषण अग्निकांड, पलभर में खाक हुई जीवनभर की कमाई, बेघर हुआ परिवार

punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 08:14 PM (IST)

ठाकुरद्वारा (गगन): कांगड़ा जिला के उपमंडल इंदौरा के तहत आने वाली ग्राम पंचायत उलेहड़ियां के गांव खानपुर में हुए एक भीषण अग्निकांड ने एक गरीब परिवार को पूरी तरह बेघर कर दिया। आग की इस घटना में कच्चे मकान (खड़पोश) के साथ-साथ घर के अंदर रखा सारा सामान और जीवन भर की जमापूंजी जलकर राख हो गई। गनीमत यह रही कि परिवार के सदस्यों ने समय रहते बाहर भागकर अपनी जान बचा ली, लेकिन वे अपना कोई भी सामान सुरक्षित नहीं निकाल सके।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 3 बजे मक्खन दीन और शामा के कच्चे घर में अचानक आग भड़क उठी। जब तक परिवार के लोग नींद से जागते और कुछ समझ पाते, तब तक लपटों ने विकराल रूप धारण कर पूरे घर को अपने आगोश में ले लिया था। देखते ही देखते घर में रखे बर्तन, पेटियां, अलमारी, गहने, कपड़े और खाने-पीने का सारा सामान जल गया। सबसे बड़ा नुक्सान यह हुआ कि परिवार ने अपना पक्का घर बनाने के लिए जो करीब 3 लाख रुपए से अधिक की नकदी जोड़ कर रखी थी, वह भी इस आग की भेंट चढ़ गई।

फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। आंखों के सामने अपना आशियाना और सपनों को उजड़ता देख पीड़ित परिवार सदमे में है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदय विदारक घटना के बाद स्थानीय लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन व सरकार से गुहार लगाई है कि खुले आसमान के नीचे आ चुके इस बेघर परिवार को तुरंत उचित आर्थिक सहायता और जरूरी राहत सामग्री (टेंट, राशन, कपड़े आदि) उपलब्ध करवाई जाए।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन भी हरकत में आ गया है। इस संबंध में एसडीएम इंदौरा, सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि आग लगने की सूचना प्राप्त होते ही मौके पर तहसीलदार और हलका पटवारी को भेज दिया गया था। पीड़ित परिवार को प्रशासन की तरफ से फौरी राहत (तत्काल सहायता) प्रदान की जा रही है, साथ ही राजस्व विभाग द्वारा आग से हुए कुल नुक्सान का सटीक आकलन भी करवाया जा रहा है, ताकि नियमों के तहत प्रभावित परिवार को जल्द से जल्द उचित मुआवजा और हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जा सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News