Himachal: किन्नौर में भीषण अग्निकांड, 8 कमरों का मकान जलकर राख...लाखों रुपए का नुक्सान

punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 12:39 PM (IST)

शिमला: जनजातीय जिला किन्नौर के निचार उपमंडल में शुक्रवार शाम हुए एक भीषण अग्निकांड पेश आया, जिसमें लाखों रुपए की संपत्ति जलकर खाक हो गई। घटना निचार के होमते गांव की है, जहां आग लगने से एक दो मंजिला लकड़ी का पुराना मकान पूरी तरह जल गया, जबकि साथ लगते एक नए मकान को भी आंशिक नुक्सान पहुंचा है। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे हितेन नेगी के पुराने लकड़ी के मकान में अचानक आग लग गई। मकान लकड़ी का बना होने के कारण आग ने पल भर में ही विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते मकान के 8 कमरे जलकर राख के ढेर में बदल गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन्होंने पास में स्थित नए मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी ऊपरी मंजिल क्षतिग्रस्त हो गई।

आग लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया। उनकी सूझबूझ और तत्परता के चलते आग को और फैलने से रोक लिया गया, जिससे नए मकान का बड़ा हिस्सा जलने से बच गया। हालांकि, पुराने मकान को नहीं बचाया जा सका।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। निचार के एसडीएम नारायण सिंह चौहान ने बताया कि घटनास्थल पर राजस्व विभाग की टीम को भेज दिया है। टीम नुक्सान का आकलन करेगी, जिसके आधार पर प्रभावित परिवार को राहत राशि और सहायता प्रदान की जाएगी।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News