Shimla News: चिट्टा मामले में फरार किन्नौर की महिला तस्कर चंडीगढ़ से गिरफ्तार, कोर्ट ने जारी किए थे गैर-जमानती वारंट
punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 04:55 PM (IST)
शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश में नशा माफिया के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी कड़ी में एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज नशा तस्करी के एक अहम मामले में फरार चल रही एक महिला आरोपी को शिमला पुलिस ने चंडीगढ़ से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी महिला लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर दूसरे राज्य में छिपी हुई थी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार महिला की पहचान अवनी उर्फ अंजलि पुत्री विकास नेगी निवासी सांगला व जिला किन्नौर के रूप में हुई है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश-1 शिमला की अदालत ने आरोपी महिला के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए थे। अदालत के आदेशों की तामील और फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस थाना सदर शिमला की एक विशेष टीम का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस टीम को अपने गुप्त सूत्रों से पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी महिला गिरफ्तारी से बचने के लिए चंडीगढ़ में छिपी हुई है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सदर थाना की टीम ने चंडीगढ़ के मनीमाजरा क्षेत्र में एक योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी और आरोपी महिला को धर दबोचा।
न्यायिक हिरासत में कैथू जेल भेजी गई आरोपी
चंडीगढ़ से गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपी महिला को कड़ी सुरक्षा के बीच शिमला लेकर आई, जहां उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। मामले की संवेदनशीलता और आरोपी के फरार होने के इतिहास को देखते हुए अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अदालत के आदेशों के बाद आरोपी महिला को सब जेल कैथू (शिमला) भेज दिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की और बारीकी से छानबीन कर रही है।
43 ग्राम चिट्टा बरामदगी से जुड़ा है मामला
गौरतलब है कि यह गिरफ्तारी शिमला पुलिस के एक पुराने और हाई प्रोफाइल मामले से जुड़ी है। पूर्व में पुलिस ने पुराने बस स्टैंड शिमला के समीप स्थित एक होटल में छापेमारी की थी। उस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 43 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। इसी गंभीर मामले में अवनी नामजद थी और तब से पुलिस के रडार से बचकर भाग रही थी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

