Fatehpur : खाना बनाते समय LPG सिलेंडर में लगी आग, फायरमैन अजय प्राशर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 12:52 PM (IST)

फतेहपुर : जिला कांगड़ा के विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर के अंतर्गत गांव भाटी में खाना बनाते समय अचानक चूल्हे ने आग पकड़ ली, जोकि बाद में सिलेंडर तक पहुंच गई। आग लगने से घर में अफरा-तफरी मच गई।

आग पर काबू पाने का पूरा प्रयास किया गया, लेकिन जब हालात बेकाबू हो गए तो घर के सदस्य रामकृष्ण ने घटना की सूचना तुरंत फतेहपुर फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग की लपटों में घिरे LPG सिलेंडर को अपनी सूझबूझ और तत्परता से काबू में लिया, जिससे आसपास के चार घरों में भी नुकसान होने का बचाव हुआ।

70 हजार रुपए का नुकसान

फायरमैन अजय प्राशर की सूझबूझ और टीम की त्वरित कार्रवाई से सिलेंडर को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। यदि आग सिलेंडर तक पूरी तरह फैल जाती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। आग लगने के कारण घर में रखा सामान जलने से करीब 70 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि सिलेंडर ब्लास्ट नहीं हुआ, जिसके कारण 20-25 लाख का नुकसान होने से बच गया। वहीं, फायर ब्रिगेड की तत्परता से परिवार के सदस्यों की जान को किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। फायरमैन अजय के अनुसार ऐसे समय में धैर्य बनाये रखें और सिलेंडर को खुली जगह पर ले आयें ताकि तापमान अधिक न बढ़े। अगर LPG सिलेंडर में आग लग जाए, तो सबसे जरूरी बात है घबराएं नहीं और सिलेंडर को हाथ लगाकर उठाने की कोशिश न करें।

क्या करें?

  • तुरंत गैस की सप्लाई बंद करें — अगर सुरक्षित दूरी से रेगुलेटर बंद किया जा सकता है तो बंद करें।
  • आग बुझाने के लिए पानी की धार सिलेंडर पर न डालें।
  • अगर आग छोटी है और आपके पास ABC/DCP fire extinguisher है, तो उसका इस्तेमाल करें।
  • सभी लोगों को घर से बाहर निकालें और आसपास के लोगों को भी दूर करें।
  • तुरंत 101 (Fire Brigade) या 112 पर फोन करें।
  • अगर सिलेंडर गर्म हो रहा है, आग बढ़ रही है या गैस की तेज गंध आ रही है, तो खुद आग बुझाने की कोशिश बिल्कुल न करें और सुरक्षित जगह चले जाएं।

महत्वपूर्ण: LPG सिलेंडर आग में गर्म होकर फट सकता है, इसलिए प्रशिक्षित फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक उससे दूरी बनाए रखना सबसे सुरक्षित है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma