अनजान व्यक्ति से मदद लेनी पड़ी महंगी, खाते से ऐसे निकले लाखों रुपए
punjabkesari.in Sunday, Jul 22, 2018 - 11:14 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): दियाड़ा के एक व्यक्ति को ए.टी.एम. काऊंटर पर पैसे निकालते वक्त एक अनजान व्यक्ति से मदद लेनी महंगी पड़ी। शातिर ने उसका ए.टी.एम. कार्ड बदलकर खाते से करीब 5 लाख रुपए निकालकर खाते को खाली कर दिया है। पीड़ित की शिकायत पर अम्ब पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मलूक चंद पुत्र बंशी लाल निवासी दियाड़ा ने शिकायत की है कि गत 29 जून को वह अपना ए.टी.एम. कार्ड लेकर भैरा में स्थित ए.टी.एम. से पैसे निकलवाने गया था। ए.टी.एम. को आप्रेट करने की जानकारी न होने के चलते वह पैसे नहीं निकलवा पा रहा था तो इस बीच एक अनजान व्यक्ति ने उसे मशीन से पैसे निकालने बारे बताया और उसने उस वक्त 10 हजार रुपए निकाल लिए।
बैंक में पता करने पर उड़ गए होश
गत दिवस पैसे की जरूरत पडऩे पर जब उसने अपने खाते से पैसे निकालने का प्रयास किया तो खाते में राशि ही नहीं थी। जब उसने बैंक में पता किया तो पता चला कि उसके खाते से अलग-अलग तिथियों को ए.टी.एम. कार्ड के माध्यम से पैसा निकला है। उसने आरोप लगाया है कि उक्त तिथि को ए.टी.एम. चलाने वाले उक्त व्यक्ति ने उसका ए.टी.एम. कार्ड बदल कर उसके खाते से करीब 5 लाख निकालकर खाते को खाली कर दिया है। डी.एस.पी. अम्ब मनोज जम्वाल का कहना है कि इस मामले में पुलिस ने आई.पी.सी. की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।