साइबर ठगों का कहर: 3 व्यापारियों के खातों से ऐसे उड़ाए लाखाें रुपए, पुलिस जांच में जुटी

punjabkesari.in Thursday, Jul 31, 2025 - 10:22 PM (IST)

सोलन (अमित): शहर के 3 व्यापारियों के बैंक खातों से पैसे निकालने का मामला सामने आया है। शहर के एक निजी बैंक के खातों से करीब 3,30,000 रुपए की साइबर धोखाधड़ी हुई है। घटना की जानकारी पीड़ितों लोगों ने बैंक को दी। जानकारी के अनुसार पहले मामले में चौक बाजार निवासी पंकज गोयल के खाते से करीब 73,000 रुपए निकाले गए हैं। पंकज ने बताया कि उनकी 2 फिक्स्ड डिपॉजिट थीं। एक 38,523 रुपए और दूसरी 23,063 रुपए की। उन्हें सुबह मैसेज आया कि उनकी दोनों एफडीआर मैच्योर हो चुकी हैं, इसके तुरंत बाद 4 ट्रांजैक्शनों के मैसेज आए और उनके खाते का बैलेंस शून्य हो गया।

दूसरे मामले में राहुल गोयल और उनके बेटे दिव्यांश गोयल के साथ धोखाधड़ी हुई। राहुल के अनुसार उनके और उनके पुत्र के नाम एक ज्वाइंट अकाऊंट है, जिसमें 25,000 रुपए थे, जबकि एक दूसरा खाता उनके अपने नाम पर है, जिसमें 11,000 रुपए जमा थे। पिछले 2 दिनों से उनके मोबाइल पर विभिन्न कंपनियों के नाम से ओटीपी आ रहे थे। इसी बीच उन्हें अपने निजी बैंक की ओर से सूचना मिली कि दोनों खातों से 25,000 रुपए और 11,000 रुपए निकाल लिए गए हैं।

तीसरे मामले में में पीड़ित पारस ओबरॉय के करंट और सेविंग अकाऊंट से कुल 2,21,000 रुपए की निकासी की गई। पारस ने बताया कि 5 बार में यह रकम निकाली गई। पहली बार 44,000, फिर 43,998, 43,999, 44,000 रुपए और अंत में 44,997 रुपए की निकासी हुई। इनमें से 1,32,000 रुपए करंट अकाऊंट से और 89,000 रुपए सेविंग अकाऊंट से निकाले गए। वहीं सभी ने उनके साथ हुई धोखाधड़ी को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News