पूर्व CM प्रेम कुमार धूमल का बड़ा बयान, बोले-''महिलाओं की भागीदारी के बिना सशक्त लोकतंत्र की कल्पना अधूरी''
punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 07:23 PM (IST)
हमीरपुर (राजीव): भाजपा महिला मोर्चा की नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी सदस्यों ने मंगलवार को समीरपुर में पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष अर्चना चौहान के नेतृत्व में हुई। इस अवसर पर नवनियुक्त सदस्य उषा बिरला, अनिता गथानिया और रीना सिपहिया ने पूर्व मुख्यमंत्री से मिलकर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की।
नवनियुक्त पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रो. धूमल ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना एक सशक्त लोकतंत्र की परिकल्पना अधूरी है। आज महिलाएं न केवल घर-परिवार, बल्कि हर क्षेत्र में अपनी क्षमता और नेतृत्व कौशल का लोहा मनवा रही हैं। राजनीति में उनकी बढ़ती हिस्सेदारी समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का काम कर रही है।
संगठन में महिला मोर्चा के महत्व को रेखांकित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मोर्चा केवल संगठन का एक हिस्सा भर नहीं है, बल्कि पार्टी की विचारधारा और नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने नवनियुक्त सदस्यों को पूरी निष्ठा के साथ संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने की प्रेरणा दी।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here

