बड़सर के पूर्व MLA बलदेव शर्मा का बड़ा बयान, बोले-''पार्टी हमारी मां है...आया राम-गया राम को तवज्जो न दें कार्यकर्ता''

punjabkesari.in Friday, Sep 18, 2026 - 08:01 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): हमीरपुर जिले के भोटा में नवनियुक्त बिझड़ी ब्लॉक चेयरमैन रमेश शर्मा के सम्मान में एक समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़सर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक बलदेव शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। सम्मान समारोह के बहाने क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और पंचायत प्रतिनिधियों ने अपनी एकजुटता का शक्ति प्रदर्शन भी किया। कार्यक्रम में बीडीसी सदस्यों के अलावा विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों और भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने पूर्व विधायक बलदेव शर्मा तथा ब्लॉक चेयरमैन रमेश शर्मा का फूलमालाओं से स्वागत किया।

1998 से बिझड़ी ब्लॉक पर रहा है भाजपा का कब्जा
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक बलदेव शर्मा ने पुरानी यादें ताजा कीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1998 में जब वह पहली बार विधायक बने थे, तब से लेकर आज तक बिझड़ी ब्लॉक पर लगातार भाजपा का ही कब्जा रहा है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर तालमेल और जनता के आशीर्वाद को दिया। बलदेव शर्मा ने कहा कि अपने राजनीतिक कार्यकाल में उन्होंने हमेशा पार्टी के कार्यकर्ताओं और पंचायतों में चुने गए जनप्रतिनिधियों के मान-सम्मान को सर्वोपरि रखा। उन्हें हमेशा पार्टी की विचारधारा से जोड़े रखा, जिसके परिणामस्वरूप क्षेत्र में भाजपा का एक बेहद मजबूत संगठन तैयार हुआ।

राजनीतिक परिस्थितियों और दलबदलुओं पर साधा निशाना
इस दौरान पूर्व विधायक ने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और दलबदलुओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ महत्वाकांक्षी लोगों के कारण संगठन को नुक्सान पहुंचा है। उन्होंने मंच से स्पष्ट कहा कि अब कुछ ऐसे लोग आ गए हैं, जिनका पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। ऐसे लोगों की वजह से पार्टी बिखराव की ओर जा रही है। कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश देते हुए बलदेव शर्मा ने कहा कि पार्टी हमारी मां है और हमें ऐसे आया राम-गया राम को कोई तवज्जो नहीं देनी है। हम सभी को केवल पार्टी की एकजुटता और मजबूती के लिए काम करना है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News