Una News: चिंतपूर्णी में 14 घंटे गुल रही बिजली,दुकानदारों में रोष
punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 03:56 PM (IST)
चिंतपूर्णी (राकेश): विश्वविख्यात शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी के दरबार में वीरवार को आंधी, तूफान व बारिश के कारण शाम 6 बजे से शुक्रवार सुबह 8 बजे तक करीब 14 घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रही। इस कारण स्थानीय निवासियों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली गुल रहने से नाराज दुकानदारों ने समय से पहले ही अपनी दुकानें बंद कर दीं, जिससे श्रद्धालुओं को जरूरी सामान के लिए भटकना पड़ा।
होटल और ढाबा मालिकों को भी ब्लैकआऊट के कारण लाखों रुपए का नुक्सान झेलना पड़ा। चिंतपूर्णी में जब भी बिजली गुल होती है तो पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब जाता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए मंदिर न्यास ने विद्युत विभाग को लाखों रुपए का फंड देकर देहरा से एक वैकल्पिक बिजली लाइन तैयार करवाई थी, ताकि मुख्य लाइन खराब होने पर देहरा से चिंतपूर्णी को तुरंत बिजली दी जा सके।
इस बारे विद्युत विभाग के एसडीओ त्रिलोक शर्मा ने बताया कि वीरवार शाम को जैसे ही बारिश शुरू हुई तो मसूरी होटल के नीचे मुख्य बिजली की तारों पर एक बड़े पेड़ की टहनी गिर गई। रात को टहनी दिखाई न देने के कारण फॉल्ट ढूंढने में दिक्कत आई। कर्मचारी रात 10 बजे तक जुटे रहे लेकिन लाइटनिंग और करंट के खतरे को देखते हुए काम रोकना पड़ा। शुक्रवार सुबह 5 बजे दोबारा पूरी टीम को पैट्रोलिंग पर भेजा गया, जिसके बाद पता चला कि एक जगह 3 इंसुलेटर पंक्चर हो गए थे और एक जगह अर्थ वायर आपस में लिपटी हुई थी। कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद सुबह करीब 8 बजे बिजली बहाल की।

