शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बगैण में 2 विद्यालय भवनों का किया लोकार्पण, बोले- प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में समान दृष्टिकोण के साथ कर रही कार्य

punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 05:07 PM (IST)

हिमाचल डेस्क : प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज ठियोग उपमंडल के अंतर्गत बगैण में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण किया। इनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बगैण के भवन का निर्माण 87 लाख रुपये तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय बगैण के भवन का निर्माण 25 लाख रुपये की लागत से किया गया है।

'प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में समान दृष्टिकोण के साथ कर रही कार्य'

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि लगभग 11 वर्षों से लंबित इस कार्य के पूर्ण होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों को व्यापक लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में समान दृष्टिकोण के साथ कार्य कर रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। प्रदेश के कुल बजट का लगभग 18 प्रतिशत हिस्सा शिक्षा पर व्यय किया जा रहा है। सरकार की प्राथमिकता है कि दुर्गम क्षेत्रों तक गुणवत्ता युक्त शिक्षा पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से प्रदेश में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है। प्रथम चरण में 151 विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम आरंभ किया गया है तथा आगामी चरण में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बगैण को भी सीबीएसई से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। रोहित ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल की शुरुआत में शिक्षा विभाग में लगभग 15 हजार पद रिक्त थे, जिनमें से लगभग 9 हजार पद भरे जा चुके हैं, जबकि 3 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए 20 लाख रुपये तक का ऋण मात्र एक प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बड़ी सहायता मिल रही है।

"अब तक लगभग 70 लाख रुपए उपलब्ध करवाए जा चुके"

शिक्षा मंत्री ने कहा कि डमियाना स्कूल के लिए इस सरकार द्वारा 40 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है और कार्य पूर्ण होते ही उसका लोकार्पण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सैंज के विकास कार्यों के लिए अब तक लगभग 70 लाख रुपये उपलब्ध करवाए जा चुके हैं तथा भविष्य की आवश्यकताओं को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने विद्यालय के खेल मैदान, चारदीवारी तथा पुराने भवन के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन देते हुए कहा कि भवन की मरम्मत के लिए भी शीघ्र धनराशि प्रदान की जाएगी। साथ ही विद्यालय को फर्नीचर एवं कबड्डी मैट उपलब्ध करवाने की घोषणा भी की। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। शिक्षा मंत्री ने प्रत्येक सांस्कृतिक दल को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की घोषणा की।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News