धूमल बोले, कर्जों के सहारे चल रही प्रदेश की सरकार

punjabkesari.in Sunday, Jan 22, 2017 - 06:34 PM (IST)

शिमला: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने कहा है कि सरकार चलाने के लिए कर्जों का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के कुप्रशासन, कुप्रबंधन और भ्रष्टाचार के चलते बार-बार कर्जा लेना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार की तरफ से एक बार फिर 1,000 करोड़ रुपए का कर्जा लेने पर आपत्ति जताई। नेता प्रतिपक्ष ने शिमला से जारी बयान में प्रदेश सरकार पर 4 साल के दौरान राज्य की वित्तीय हालत को बिगाडऩे का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पहले से ही करोड़ों रुपए के कर्जे के बोझ के तले दबा है, ऐसे में 1,000 करोड़ रुपए का कर्ज राज्य की स्थिति को और खराब कर देगा। 

2 महीने पहले लिया 700 करोड़ का कर्ज
धूमल ने कहा कि सरकार ने 2 महीने पहले ही 700 करोड़ रुपए का कर्ज लिया है और चुनाव के समय की जा रही बिना बजट की घोषणाओं से प्रदेश कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है। प्रदेश और जन विकास का बजट केवल ऋ ण चुकाने में ही खर्च हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल के 4 वर्षों की अवधि में प्रदेश के स्वयं के आर्थिक संसाधनों से राजस्व में मात्र 30 करोड़ रुपए की वृद्धि हुई है जबकि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान यह वृद्धि लगभग 5,000 करोड़ रुपए से अधिक थी।

कर्ज के बोझ तले दबा मिलेगा हिमाचल 
धूमल ने कहा कि वर्तमान सरकार या तो केंद्रीय सहायता पर निर्भर या फि र कर्जों के सहारे घसीट कर चल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कर्जों को लेने के लिए भले ही लाख बहाने बनाए परन्तु सच्चाई यह है कि आने वाली पीढिय़ों के लिए कर्ज के बोझ तले हिमाचल मिलेगा, जिसमें विकास को मिला धन केवल कर्ज को चुकाने पर ही व्यय होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के इस आर्थिक कुप्रबंधन का जवाब जनता आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को देगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News