Kangra: मांगों को लेकर 6 जुलाई से काले बिल्ले लगाकर विरोध करेंगे शिक्षक
punjabkesari.in Monday, Jun 29, 2026 - 07:30 PM (IST)
धर्मशाला (सुनील): राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय धर्मशाला में आज हिमाचल प्रदेश राजकीय महाविद्यालय शिक्षक संघ की स्थानीय इकाई द्वारा राज्य स्तरीय जनरल हाऊस का आयोजन किया गया। इस राज्य स्तरीय सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग जिलों (जैसे हमीरपुर, चम्बा, सोलन, कांगड़ा, शिमला, मंडी, बिलासपुर और ऊना) के करीब 50 कॉलेजों से 200 से ज्यादा प्रोफैसरों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में धर्मशाला कॉलेज के प्रिंसीपल प्रो. राकेश पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता संघ की राज्य अध्यक्ष डॉ. बनिता सकलानी ने की। मंच का संचालन राज्य महासचिव प्रो. संजय कांगो ने किया।
इस दौरान धर्मशाला इकाई के अध्यक्ष डॉ. विक्रम वत्स, सचिव डॉ. आशीष रंजन और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य कॉलेज शिक्षकों की समस्याओं, संघ की उपलब्धियों और भविष्य की रणनीति पर चर्चा करना था। महासभा में संघ की राज्य अध्यक्ष डॉ. बनिता सकलानी ने शिक्षकों के हक में मिली बड़ी कामयाबियों का ब्यौरा दिया। इसके अलावा कॉलेज शिक्षकों के लिए आगे की पढ़ाई के लिए मिलने वाली छुट्टी को फिर से शुरू करवाना और कॉलेज स्तर पर ही पीएच.डी. गाइड बनने की मंजूरी दिलाना संघ की एक बहुत बड़ी जीत है।
भविष्य की रणनीति और विरोध प्रदर्शन का ऐलान
राज्य महासचिव प्रो. संजय कांगो ने संगठन की आगे की योजनाओं को सांझा करते हुए बताया कि आने वाले अगस्त महीने में संघ के राज्य स्तरीय चुनाव करवाए जाएंगे। इसके साथ ही शिक्षकों की रुकी हुई तरक्की को समय पर पूरा करवाने के लिए आंदोलन का रास्ता चुना गया है। अपनी मांगों को लेकर शिक्षक 6 जुलाई से पूरे प्रदेश के कॉलेजों में गेट मीटिंग करेंगे और काले बिल्ले लगाकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

