Kangra: सीसीटीवी की तीसरी आंख के पहरे में होंगी SOS की परीक्षाएं

punjabkesari.in Thursday, Sep 10, 2026 - 11:04 PM (IST)

धर्मशाला (सुनील): हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 16 सितम्बर से शुरू होने वाली राज्य मुक्त विद्यालय की परीक्षाओं को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और नकल-विहीन बनाने के लिए बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने कड़े सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं। इस बार परीक्षा केंद्रों के हर हिस्से पर सीसीटीवी कैमरों और लाइव मॉनीटरिंग के जरिए पैनी नजर रखी जाएगी। बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि परीक्षा की गोपनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

जारी निर्देशों के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों के हॉल, कमरों और प्रवेश-निकास द्वारों पर चालू हालत में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य किए गए हैं। संभव होने पर ऑडियो रिकॉर्डिंग और निर्बाध लाइव मॉनीटरिंग के लिए स्टैटिक आईपी की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। प्रश्नपत्रों व गोपनीय सामग्री की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी की निगरानी वाले कमरों में डबल लॉक वाली स्टील अलमारी का इस्तेमाल होगा, जहां केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश मिलेगा।

6 महीने तक संभालनी होगी फुटेज
परीक्षा केंद्रों को पूरी परीक्षा की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग कम से कम 6 महीने तक सुरक्षित रखनी होगी। किसी भी नैटवर्क या तकनीकी खराबी की स्थिति में तुरंत बोर्ड को सूचित करना होगा। इसके अलावा परीक्षा से जुड़ीं सभी आवश्यक जानकारियां निर्धारित प्रक्रिया के तहत 'एग्जाम मित्रा एप' के माध्यम से बोर्ड को भेजनी होंगी। बोर्ड ने सभी केंद्रों को परीक्षा से पहले व्यवस्थाओं का फाइनल ट्रायल करने के भी निर्देश दिए हैं।

सीसीटीवी से छेड़छाड़ पर होगी सख्त कार्रवाई: अध्यक्ष
डॉ. राजेश शर्मा अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड  सीसीटीवी कैमरे बंद करना, फुटेज डिलीट करना या उससे छेड़छाड़ करना गंभीर अनियमितता माना जाएगा। व्यवस्थाओं की संयुक्त जिम्मेदारी स्कूल प्रमुख और आईटी इनविजिलेटर की होगी, नियम टूटने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News