Kangra: मैच से पहले इंद्रुनाग के दरबार पहुंचेगी एचपीसीए, बारिश न होने की मांगेगा मन्नत

punjabkesari.in Sunday, Aug 30, 2026 - 06:42 PM (IST)

धर्मशाला (सुनील): धर्मशाला अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत महिला-ए और ऑस्ट्रेलिया महिला-ए टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मैचों को बारिश के खलल से बचाने के लिए हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) परंपरा के अनुसार खनियारा स्थित बारिश के देवता इंद्रुनाग के दरबार में शीश नवाकर मौसम अनुकूल रहने की प्रार्थना करेगी। एचपीसीए की मान्यता है कि मैच से पहले इंद्रुनाग देवता का आशीर्वाद लेने से मौसम साफ रहता है। धर्मशाला में 20, 23 और 25 सितम्बर को तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि 29 सितम्बर से 2 अक्तूबर तक चार दिवसीय अनौपचारिक टैस्ट मैच होंगे।

मुकाबलों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। दर्शकों के लिए एचपीसीए ने स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रखने का फैसला लिया है। एचपीसीए के सह-सचिव विशाल शर्मा ने बताया कि स्टेडियम अंतर्राष्ट्रीय मैचों की मेजबानी के लिए तैयार है और मैदान सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मौसम अनुकूल रहे, इसके लिए परंपरा के अनुसार इंद्रुनाग देवता का आशीर्वाद लिया जाएगा। मैचों से स्थानीय होटल, टैक्सी और पर्यटन कारोबार को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News