Kangra: नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों पर होगी कार्रवाई, कब्जे भी हटेंगे : डीसी
punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 10:31 PM (IST)
धर्मशाला: डीसी हेमराज बैरवा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में नशा तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पीआईटी-एनडीपीएस के प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने के साथ-साथ नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के मामलों में कार्रवाई शीघ्र पूरी की जाए तथा अवैध निर्माणों को नियमानुसार हटाया जाए। सभी एसडीएम को पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सोमवार को एनआईसी सभागार धर्मशाला में राष्ट्रीय नार्को समन्वय पोर्टल (एनकाॅर्ड) की जिला स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते डीसी हेमराज बैरवा ने नशा प्रभावित क्षेत्रों में गठित नशा निवारण समितियों को सक्रिय करने तथा चिन्हित हाॅटस्पाॅट क्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को मजबूत करने और नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को डा. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, टांडा में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ ओपिओयड सब्स्टीच्यूशन थैरेपी (ओएसटी) सेवाओं का विस्तार करने के निर्देश दिए। डीसी ने जेलों में बंद नशे से संबंधित आरोपियों की नियमित काऊंसलिंग, उपचार और निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एसपी कुलभूषण वर्मा ने जिले में नशा निवारण को लेकर चलाए जा रहे अभियानों और अब तक की गई विभिन्न कार्रवाइयों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में आयुक्त नगर निगम जफर इकबाल, एसपी देहरा संदीप धवल, एसपी नूरपुर इलमा अफरोज, एसडीएम मोहित रत्न, सीएमओ डा. ओमेश भारती, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. आरके सूद, जिला कार्यक्रम अधिकारी (स्वास्थ्य) डा. अनुराधा, सचिव जिला रैडक्राॅस ओपी शर्मा, डीएसपी जेल संजीव कुमार, आरपीजीएमसी टांडा से डा. पंकज कुमार, डा. अनीता, सहायक निदेशक आरएफएसएल डा. राकेश कुमार, जिला अटाॅर्नी एन.एस. चैहान, जिला पंचायत अधिकारी सचिन ठाकुर, उपनिदेशक कृषि अशोक कुमार, सहायक आबकारी अधिकारी रिशिका ठाकुर, उपनिदेशक शिक्षा अजय संबयाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि तथा जिले के एसडीएम, डीएसपी एवं बीएमओ वीडियो काॅन्फ्रैंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।
अधिकारी विद्यार्थियों को नशे बारे जागरूक करेंगे
डीसी ने कहा कि जिले की पंचायतों में विभिन्न विभागों के अधिकारी स्कूलों का नियमित दौरा करेंगे और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करेंगे। उन्होंने सभी विद्यालयों को निर्देश दिए कि स्कूल परिसर अथवा उसके आसपास नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दी जाए। उन्होंने निजी नशा मुक्ति केंद्रों की नियमित जांच और उनकी कार्यप्रणाली के मासिक मूल्यांकन के लिए प्रभावी निगरानी तंत्र विकसित करने के निर्देश भी दिए।

