Kangra: फरवरी के अंतिम हफ्ते में पेश होगा नगर निगम धर्मशाला का बजट
punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 10:44 PM (IST)
धर्मशाला (जिनेश): फरवरी माह के अंतिम हफ्ते में नगर निगम धर्मशाला के मेयर वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट पेश करेंगे। इस बार वार्षिक बजट में सबसे अधिक जोर विकास पर दिया जाएगा। इस बजट में शहर को स्वच्छ बनाने को लेकर अधिक ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ नगर निगम द्वारा करवाए जा रहे प्रॉपर्टी सर्वे टैक्स पर भी अंतिम फैसला लिया जाएगा कि कितना प्रतिशत प्रॉपर्टी टैक्स शहरियों के ऊपर लगाया जाएगा तथा मर्ज हुए नए एरिया में कितना टैक्स लिया जाएगा।
वार्षिक बजट में लंबे समय से लटक रहे मर्ज एरिया के प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर भी चर्चा की जाएगी। वहीं सदन में तय किया जाएगा कि मर्ज एरिया में पिछले 3 से 4 वर्षों का टैक्स लिया जाएगा या उसे माफ किया जाएगा। नगर निगम धर्मशाला का वार्षिक बजट बनाने के लिए फाइनांस टीम जुटी हुई है। हर पहलू को ध्यान में रखते हुए बजट का प्रावधान किया जा रहा है। इसको लेकर हाल ही में एक बैठक नगर निगम की हुई थी, जिसमें कई पहलुओं पर काम करने के दिशा-निर्देश दिए गए थे।
निगम की सालाना आय को ध्यान में रखते हुए बजट फाइनांस टीम की ओर से बनाया जा रहा है। वहीं स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्यों को लेकर भी चर्चा की जाएगी। नगर निगम के आयुक्त जफर इकबाल का कहना है कि नगर निगम की फाइनांस कमेटी की बैठक एक बार हो चुकी है तथा कमेटी को बजट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। वहीं नगर निगम के बजट से पहले एक बार फिर से कमेटी की बैठक रखी जाएगी तथा सभी पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।

