Kangra: लाला जगत नारायण जी की 45वीं पुण्यतिथि पर 125 यूनिट का हुआ महादान
punjabkesari.in Monday, Sep 07, 2026 - 10:30 PM (IST)
धर्मशाला/नगरोटा बगवां (टीम): पंजाब केसरी समूह के संस्थापक, स्वतंत्रता सेनानी और अमर शहीद लाला जगत नारायण जी की 45वीं पुण्यतिथि के अवसर पर राजीव गांधी राजकीय इंजीनियरिंग कालेज नगरोटा बगवां में एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम नगरोटा बगवां पूजा अधिकारी ने दीप प्रज्वलित करके किया। इस आयोजन में कालेज के विद्यार्थियों के साथ-साथ अध्यापकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर में 125 लोगों ने रक्तदान करके मिसाल पेश की। इस दौरान टांडा मैडीकल कालेज की विशेष मैडीकल टीम ने रक्त एकत्र करने की प्रक्रिया को सुरक्षित रूप से पूरा करवाया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में देशप्रेम और नागरिक कर्त्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। शहीद लाला जगत नारायण जी ने न केवल ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया, बल्कि आजादी के बाद भी सामाजिक समानता और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
अमर शहीद को अनूठी श्रद्धांजलि
आयोजकों ने बताया कि लाला जगत नारायण जी के विचार और उनका जीवन संघर्ष आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी स्मृति में किया गया यह कार्य उनके महान बलिदानों को नमन करने की एक अनूठी पहल है। इस तरह के आयोजनों से जहां एक ओर जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलता है, वहीं दूसरी ओर नागरिकों में आपसी सहयोग और भाईचारे की नींव मजबूत होती है।
टांडा अस्पताल की मैडीकल टीम ने संभाली कमान
रक्तदान की पूरी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए डा. राजेंद्र प्रसाद मैडीकल कालेज टांडा से एक विशेष चिकित्सकीय दल पहुंचा था। इस मैडीकल टीम में डा. विवेक, फीमेल नर्सिंग स्टाफ शैलजा, मेल नर्सिंग स्टाफ अनुराग के साथ-साथ पंकज जॉनी, परवीन, निखिल और रवि शामिल रहे। टीम ने सभी दानदाताओं की प्राथमिक जांच के बाद ही रक्तदान करवाया और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी उपयोगी सलाह भी दी।
एसडीएम नगरोटा बगवां पूजा का कहना है कि लाला जगत नारायण जी जैसे महान स्वतंत्रता सेनानी की याद में आयोजित यह कार्यक्रम समाज को सेवा का नया संदेश देता है।डा. दीपक बंसल का कहना है कि ऐसे सामाजिक व मानवीय अभियानों का हिस्सा बनना हमारे संस्थान के लिए गर्व की बात है, विद्यार्थियों का यह सेवा भाव सराहनीय है। (प्रिंसीपल/डायरैक्टर, राजीव गांधी राजकीय इंजीनियरिंग कालेज।
टांडा अस्पताल डा. विवेक का कहना है कि एक यूनिट रक्त से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं, इसलिए युवाओं को नियमित रूप से आगे आना चाहिए।
टांडा अस्पताल फीमेल नर्सिंग स्टाफ शैलजा का कहना है कि कालेज के युवाओं में रक्तदान को लेकर जो ऊर्जा और उत्साह दिखा, वह बेहद सराहनीय है।

