Kangra: धर्मशाला को मिला आईपीएल का सर्वश्रेष्ठ स्टेडियम का पुरस्कार
punjabkesari.in Monday, Jun 01, 2026 - 10:14 PM (IST)
धर्मशाला (सुनील): विश्व के सबसे खूबसूरत क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला के नाम एक और बड़ी ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई है, जिसने अंतर्राष्ट्रीय खेल पटल पर देवभूमि का मान बढ़ा दिया है। अहमदाबाद में आयोजित आईपीएल के फाइनल मुकाबले के दौरान धर्मशाला मैदान को इस सीजन के सर्वश्रेष्ठ स्टेडियम के प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस बार बोर्ड द्वारा देश के 2 सर्वश्रेष्ठ स्टेडियमों का चयन किया गया, जिसमें पहला स्थान हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्टेडियम को और दूसरा स्थान कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स स्टेडियम को मिला है।
स्टेडियम को मिले इस बड़े सम्मान की आधिकारिक जानकारी सांझा करते हुए एचपीसीए प्रबंधन ने इसे वर्षों की तकनीकी तैयारियों, कड़े अनुशासन और पूरे स्टाफ के समर्पण का परिणाम बताया है। इस विशेष सम्मान के मिलने से जहां हिमाचल के खेल प्रेमियों में भारी उत्साह है, वहीं इस सफलता का पूरा श्रेय मैदान के पिच क्यूरेटर, ग्राऊंड स्टाफ, ऑप्रेशन्स टीम और दिन-रात व्यवस्थाओं को संवारने में जुटे हर एक कर्मचारी की सामूहिक मेहनत को दिया गया है।
केंद्रीय मंत्री और एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अनुराग सिंह ठाकुर द्वारा रखी गई दूरदर्शी नींव और वर्तमान में आईपीएल गवर्नैंस काऊंसिल के चेयरमैन अरुण सिंह धूमल के कुशल मार्गदर्शन व बीसीसीआई के सहयोग से इस मैदान को दुनिया के अत्याधुनिक और सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट परिसरों के रूप में विकसित किया गया है। वर्तमान में इस खेल इंफ्रास्ट्रक्चर की देखरेख और विकास को एचपीसीए प्रबंधन लगातार आगे बढ़ा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम इस सीजन के दौरान देखने को मिले। अहमदाबाद में फाइनल मैच के बड़े मंच पर, कोलकाता जैसे देश के सबसे पुराने और बड़े क्रिकेट केंद्र के साथ शीर्ष 2 मैदानों में जगह बनाकर पुरस्कार जीतना धर्मशाला स्टेडियम की उच्च स्तरीय व्यवस्थाओं पर मुहर लगाता है।
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन सचिव मनुज शर्मा का कहना है कि यह प्रतिष्ठित पुरस्कार पूरे एचपीसीए परिवार के अथक प्रयासों, टीम वर्क और एकजुटता का परिणाम है। यह सम्मान आने वाले समय में धर्मशाला स्टेडियम में और अधिक अंतर्राष्ट्रीय मैचों और बड़े खेल आयोजनों के रास्ते खोलेगा, जिससे राज्य में खेल पर्यटन को भी भारी बढ़ावा मिलेगा।

