Kangra: मैट्रिक व 12वीं की सप्लीमैंट्री परीक्षाओं के आवेदन की तिथि बढ़ी
punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 07:50 PM (IST)
धर्मशाला (सुनील): हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा जून और जुलाई में आयोजित होने वाली मैट्रिक और जमा-2 की सप्लीमैंट्री, कंपार्टमैंट, सुधार तथा अतिरिक्त विषय की परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की तारीखें बढ़ा दी गई हैं। बोर्ड द्वारा जारी नए शैड्यूल के अनुसार छात्र बिना किसी लेट फीस के 5 जून 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। यदि कोई छात्र इस तारीख तक आवेदन नहीं कर पाता है तो उसे 10 जून तक 1,000 रुपए लेट फीस के साथ आवेदन करने का आखिरी मौका दिया जाएगा।
सभी पात्र विद्यार्थियों को अपने फॉर्म केवल अपने संबंधित स्कूलों या संस्थानों के माध्यम से ही ऑनलाइन जमा करवाने होंगे। बोर्ड ने साफ किया है कि परीक्षा शुल्क और पात्रता की बाकी सभी शर्तें पहले की तरह ही रहेंगी और इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसलिए छात्र आखिरी तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि बाद में किसी तकनीकी असुविधा से बचा जा सके।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा का कहना है कि जून-जुलाई में होने वाली मैट्रिक और जमा-2 की परीक्षाओं के लिए छात्र बिना विलंब शुल्क के 5 जून तक और 1,000 रुपए लेट फीस के साथ 10 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सभी आवेदन केवल स्कूलों के माध्यम से ही स्वीकार होंगे, इसलिए अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर प्रक्रिया पूरी कर लें।

