Kangra: धर्मशाला में अंतर्राष्ट्रीय तिब्बत समर्थन समूहों की विशेष बैठक शुरू

punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 05:40 PM (IST)

32 देशों के 100 से अधिक प्रतिनिधि हुए शामिल
धर्मशाला (नितिन):
तिब्बत के समर्थन में कार्य कर रहे अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के 100 से अधिक प्रतिनिधि शनिवार को धर्मशाला के सिक्यांग हॉल में आयोजित विशेष अंतर्राष्ट्रीय तिब्बत समर्थन समूह बैठक में शामिल हुए। 32 देशों से आए प्रतिनिधियों की यह तीन दिवसीय बैठक 7 से 9 मार्च तक आयोजित की जा रही है। इस सम्मेलन का आयोजन कोर ग्रुप फॉर तिब्बतियन कॉज–इंडिया द्वारा किया गया है और इसका संचालन केंद्रीय तिब्बती प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। बैठक दलाईलामा के 90वें जन्म वर्ष के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे करुणा वर्ष कार्यक्रमों के तहत आयोजित की गई है। बैठक के शुभारंभ में निर्वासित तिब्बती प्रधानमंत्री पेम्पा सेरिंग ने मुख्य भाषण दिया। इस दौरान कोर ग्रुप फॉर तिब्बतन कॉज–इंडिया के राष्ट्रीय संयोजक रिनचेन खांडो ख्रिमे और सूचना एवं अंतरराष्ट्रीय संबंध विभाग की मंत्री नोरजिन डोलमा ने भी संबोधित किया।

प्रसिद्ध अभिनेता और लंबे समय से तिब्बत के समर्थक रिचर्ड गेयर ने वीडियो संदेश के माध्यम से सम्मेलन को संबोधित किया। निर्वासित तिब्बती प्रधानमंत्री पेम्पा सेरिंग ने अपने संबोधन में कहा कि दुनिया भर में तिब्बत समर्थन समूहों का बढ़ता नैटवर्क तिब्बती आंदोलन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कई देशों में तिब्बती समुदाय नहीं होने के बावजूद वहां के समर्थन समूहों ने मीडिया, संसदों और सरकारों तक तिब्बत के मुद्दे को पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने यह भी कहा कि तिब्बत का संघर्ष सत्य और न्याय पर आधारित है और तिब्बती नेतृत्व दलाई लामा द्वारा प्रस्तावित मिडल वे अप्रोच की नीति पर कायम है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News