Kangra: दलाईलामा की दीर्घायु हेतु विशेष प्रार्थना आयोजित, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल
punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 07:40 PM (IST)
धर्मशाला (नितिन): धर्मशाला स्थित मुख्य तिब्बती मंदिर सुगलाखांग में बुधवार को तिब्बती धर्मगुरु दलाईलामा की दीर्घायु के लिए विशेष प्रार्थना समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन ढासा धोटे वैल्फेयर सोसायटी और लोड्रिक वैल्फेयर एसोसिएशन की ओर से किया गया, जिसमें लगभग 5000 श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान दलाईलामा के मंदिर पहुंचने पर पारंपरिक गायन और ताशी शोलपा नृत्य के साथ उनका स्वागत किया गया। इस मौके पर दीर्घायु अनुष्ठान व्हाइट तारा की साधना पर आधारित था, जिसकी रचना पांचवें दलाईलामा ने की थी। इस दौरान नामग्याल मठ के पूर्व अध्यक्ष खेंसुर लोबसांग समतेन ने अनुष्ठान की अगुवाई की।
उनके साथ विभिन्न मठों के वरिष्ठ लामा और रिनपोछे भी उपस्थित रहे। अनुष्ठान के दौरान मंत्रोच्चार, प्रार्थनाएं और विशेष धार्मिक प्रक्रियाएं संपन्न की गईं। लामा द्वारा दीर्घायु बाण अर्पित किया गया। अंत में, दलाईलामा के दीर्घ जीवन के लिए विशेष प्रार्थनाएं और सत्य के शब्दों की प्रार्थना का पाठ किया गया। समारोह के समापन पर दलाईलामा मंदिर से प्रस्थान कर अपने निवास की ओर रवाना हुए, इस दौरान उन्होंने भक्तों का मुस्कुराते हुए अभिवादन किया।

